खिलाड़ियों से बातचीत करते एसपी मनबीर सिंह
तोशाम। प्रवर पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनबीर सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति को ही नहीं पूरे राष्ट्र को नुकसान पहुंचाता है और यह राष्ट्रीय निर्माण में बड़ी बाधा है। युवाओं को चाहिए कि वे नशे से दूर रहकर समाज व राष्ट्र के नव निर्माण में अपना योगदान दें। एसएसपी मंगलवार को गांव धारवानवास में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित ग्रामीण भ्रमण कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ और एसएसपी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। गांव पहुंचने पर सरपंच प्रतिनिधि विनोद नेहरा और भगत सिंह ने पगड़ी पहनाकर प्रवर पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसएसपी मनबीर सिंह ने कहा कि जिला में नशे के सौदागरों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस विभाग लगातार प्रयासरत है।
आज के आधुनिक दौर में युवाओं का नशे की ओर बढ़ता रुझान गंभीर चिंता का विषय है। युवा देश की शक्ति और भविष्य हैं लेकिन उनका नशे की गिरफ्त में फंसना समाज और राष्ट्र के निर्माण में अवरोध पैदा करता है। उन्होंने कहा कि नशा करने से व्यक्ति के शरीर में कई रोग उत्पन्न होते हैं, सामाजिक ताना-बाना टूटता है और आर्थिक रूप से परिवार कमजोर होता है। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
डीएसपी दलीप सिंह ने कहा कि जैसे कोई शिकारी अपने शिकार को जकड़ लेता है वैसे ही नशा भी व्यक्ति को अपने शिकंजे में कस लेता है जिससे बाहर निकलना कठिन हो जाता है। लेकिन दृढ़ इच्छा शक्ति से नशे की लत को छोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि संकल्प से बड़ी से बड़ी बाधा पार की जा सकती है, तो नशे जैसी बुरी लत से भी छुटकारा पाना संभव है। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने लोक गीतों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
दादी गौरी समिति के प्रधान बलजीत सिंह व युवाओं ने एसएसपी मनबीर सिंह को सम्मानित किया। इस मौके पर डीएसपी दलीप सिंह, थाना प्रभारी महाबीर सिंह, कैरू चौकी प्रभारी राजेश कुमार, बिजेंद्र चेयरमैन आदि मौजूद रहे।
एसएसपी ने नशे की बुराई के खात्मे को लेकर ग्रामीणों से सीधे सवाल किए और राय मांगी। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करना तभी संभव है जब ग्रामीण पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को नशे में लिप्त लोगों की जानकारी पुलिस को देनी होगी तभी यह जंग जीती जा सकती है। एसएसपी के आग्रह पर ग्रामीण आगे आए और सहयोग का आश्वासन दिया।