तोशाम-सिवानी मार्ग पर मिरान गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
हादसा बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे हुआ। सिवानी क्षेत्र के गांव खेड़ा वासी करीब 22 वर्षीय युवक सुनील बाइक से तोशाम से अपने गांव लौट रहा था। जब वह मिरान गांव के पास पहुंचा तो एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मारी। गंभीर रूप से घायल सुनील को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि रात को घर लौट रहे थे और उसका भाई सुनील बाइक पर उनसे आगे चल रहा था। ट्रैक्टर ने बुित तेजी से आकर टक्कर मारी। वे सुनील को अस्पताल पहुंचाने की वजह से ट्रैक्टर का नंबर भी नहीं देख पाए। सुनील अविवाहित था और मजदूरी करता था। तोशाम थाना से एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि मुकेश की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।