भिवानी। सीआईए प्रथम की टीम ने शुक्रवार को एलआईसी कार्यालय के पीछे हेरोइन बेचने की फिराक में खड़े नीरज निवासी डोबी तालाब, लोहड़ बाजार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 7.60 ग्राम हेरोइन बरामद की और शनिवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।
सीआईए प्रथम भिवानी के उप निरीक्षक आनंद पुलिस टीम के साथ गश्त पर सनसिटी मॉल के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एलआईसी कार्यालय के पीछे एक व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर तुरंत दबिश दी और आरोपी को मादक पदार्थ सहित काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.60 ग्राम हेरोइन बरामद की। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन भिवानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन रोहतक से खरीदकर बेचने के लिए लाया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।