जिला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन जोनी।
भिवानी। जिले के गांव कायला में शुक्रवार रात पारिवारिक विवाद के चलते 30 वर्षीय युवक जोनी पर घर के बाहर तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। मुंह और पेट पर तलवार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार गांव कायला निवासी जोनी को शुक्रवार रात करीब दस बजे परिवार के ही कुछ लोगों ने घर के बाहर बुलाया था। इसके बाद आरोपियों ने उस पर तलवारों से हमला कर दिया। तलवार के वार मुंह और पेट पर लगने से उसके शरीर पर गंभीर घाव हो गए।
लहूलुहान हालत में परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया लेकिन परिजन उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल में ले गए। मामला पारिवारिक रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
इस विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो चुका है। सदर थाने के जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।