भिवानी। विद्यार्थियों में लेखन कौशल विकसित करने के उद्देश्य से वीरवार को गांव बजीणा स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में यंग राइटर एडिटोरियल क्लब का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन कौशल को बढ़ावा देने के साथ उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करना है।
यंग राइटर एडिटोरियल क्लब के शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्य अनूप सिंह पुनिया ने की। कार्यक्रम के दौरान लेखन कला, पत्रकारिता और संपादन के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। प्राचार्य अनूप सिंह पुनिया ने कहा कि यंग राइटर एडिटोरियल क्लब विद्यार्थियों के लिए ना केवल लेखन सीखने का एक मंच है, बल्कि यह उनके व्यक्तित्व विकास, कैरियर मार्गदर्शन और अभिव्यक्ति कौशल को भी निखारता है।
उन्होंने कहा कि इस क्लब में लेखन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी भाषा पर पकड़ बनाते हैं, जिससे उनकी व्याकरण, वर्तनी और शैली में सुधार होता है तथा पत्रकारिता, कंटेंट राइटिंग, ब्लॉगिंग और पब्लिशिंग जैसे क्षेत्रों में कॅरियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए भी यह क्लब शुरुआती प्रशिक्षण का बेहतरीन मंच साबित होता है। यह क्लब छात्र-छात्राओं की सोचने-समझने की क्षमता को विकसित करेगा और उन्हें लेखन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह क्लब भविष्य में कई होनहार युवा लेखकों को तराशने में अहम भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रवक्ता रमेश कुमार, सुमेर सिंह, शैलेश कुमार, अनिल कुमार, अजय कुमार, किरण देवी, मंजू बाला, सुनीता, सीमा मौजूद रहे।