भिवानी। विश्व योग दिवस पर रोग मुक्त स्वास्थ्य व सुंदर काया के लिए जिलेभर में करीब 10 हजार ने लोगों ने एक साथ योग किया। साथ ही दवा मुक्त जीवन और स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से योग करने का भी प्रण लिया। बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी ने रोग मुक्त स्वास्थ्य के लिए योग कर निरोग रहने का संदेश दिया।
मंगलवार को विश्व योग दिवस पर भीम स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सुबह पौने पांच बजे ही लोग पहुंचना शुरू हो गए थे। साढ़े बजे शुरू हुए योग कार्यक्रम के समय स्टेडियम में करीब ढाई हजार लोग जमा थे। योग शिविर का शुभारंभ सहकारिता मंत्री विक्रम सिंह ने आयुर्वेद के प्रवत्र्तक भगवान धनवंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित व पुष्प अर्पित करके किया। योग शिविर के लिए करीब 46 सौ ने रजिस्ट्रेशन कराया, मगर पहुंचे करीब 65 फीसदी यानी करीब 28 सौ पहुंचे। शुभारंभ के बाद बच्चों ने योगासन का शानदार डैमो करके दिखाया। बच्चों ने योगा डांस भी किया।
मास्ट्रर ट्रेनर गजानंद शास्त्री ने सबसे पहले योगासन की शुक्ष्म क्रियाएं करवाई, जिनमें ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन व घुटना संचालन की क्रियाएं करवाई। इसके पश्चात योग साधकों ने खड़े होकर योगिक क्रियाएं की, जिनमें ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन किया। शिविर में डीसी पंकज, एडीसी धीरेंद्र खरगड़ा, एसडीएम सतपाल सिंह, सीटीएम महेश कुमार के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया, गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष ऋषि प्रकाश शर्मा, ताराचंद अग्रवाल, शंकर धूपड़, रीतिक वधवा, रामअवतार शर्मा, आयुष विभाग के जिला प्रभारी डॉ. देवेंद्र शर्मा व डॉ. राजकुमार वैद, जिला शिक्षा अधिकारी सुंदर सिंह, पतंजलि समिति की महिला विंग प्रभारी शशि परमार, आत्माराम डेरोलिया, महेंद्र कोच, राजपाल, केके वर्मा आदि मौजूद रहे।
--
शरीर और धन को बचाने के लिए करे योग
सहकारिता एवं कृषि राज्य मंत्री विक्रम सिंह यादव ने कहा कि भारत की पहल पर ही पूरी दुनिया ने योग को अपनाया है। निरोग रहने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनेक प्रकार की बीमारियां हमें जकड़ रही हैं। इंसान दवाइयों का आदी हो गया है। बीमारियों से न केवल शरीर कमजोर होता है, बल्कि धन भी खर्च होता है। इसलिए कम से कम आधा घंटा योग अवश्य करना चाहिए।
--
संतुलन बिगड़ने से गिरे, कई नहीं कर पाए योग
भीम स्टेडियम में अनेक लोग योग करने के दौरान एक पांव पर खड़े होने, सूर्य नमस्कार जैसे योग करते समय संतुलन बिगडने से गिर गए। एक छात्रा तो मंत्री के साथ वाली महिलाओं की लाइन में ही गिर गई। जिसे अन्य ने उठाया। कुछ नेता व अधिकारी भी सभी योगिक क्रियाएं नहीं कर पाए।
--
अधिकारी, मंत्री हो गए लेट
योग शिविर का समय साढ़े पांच बजे का दिया गया था। कार्यक्रम के मुख्यातिथि सहकारिता मंत्री छह बजे के बाद ही स्टेडियम पहुंचे। उपायुक्त व कुछ अन्य अधिकारी भी छह बजे तक पहुंचे।
--
मंत्री बोलने के लिए आए और चल पड़े सभी साधक
योग शिविर में जब तक यौगिक क्रियाएं करवाई गई, सभी मैदान में डटे रहे। जैसे ही योगिक क्रियाएं समाप्त होने के बाद मुख्यातिथि सहकारिता मंत्री भाषण के लिए पहुंचे, लोग अपने घरों को चल दिए। मंत्री बोलते रहे आधे से अधिक लोग वहां से निकल गए।
--
विपक्षी दलों के नेता-वर्कर रहे दूर
विश्व योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विपक्षी दलों के नेता व कार्यकर्ता इस कार्यक्रम से दूर रहे। भीम स्टेडियम में न कोई कांग्रेसी नजर आया और न ही इनेलो का कोई नेता व कार्यकर्ता दिखा। मुख्य कार्यक्रम में भाजपा के भी कई चेहरे नदारद रहे।
योग नै रोक राखी सै सांस की बीमारी
83 साल उम्र होगी। सांस की बीमारी सै, फेर भी रोज योग करूं हूं। योग नै बीमारी भी थाम राखी है। सबनै रोज योग करना चहिए। योग तै शरीर तंदरूस्त रहै और खाया पीया लागै।
अमर सिंह, बुजुर्ग
डीसी कॉलोनी
70 साल उम्र होगी। मेरे पेट में गैस बनै है। काल आई तो बताया कि योग करवाएंगे, उसतै आराम हो जागा। तो आज योग करन आई सूं। देखों इब पेट में कितना आराम होवेगा।
ओमपति, डीसी कॉलोनी
-------------
निरंतर योग करने से स्वास्थ्य तंदरूस्त रहता है। साल में एक दिन हीं नहीं रोजाना सवेरे योग क्रियाएं करनी चाहिए। स्कूल में बच्चों को रोजाना योग करवाया जाता है।
शारदा देवी, पीटीआई
राजकीय विद्यालय, देवसर
--
मम्मी के कहने पर रोजाना योग करता हुं। आज स्टेडियम में इतने लोगों के साथ इकट्ठा योग क्रियाएं करने पर कुछ नई बातों का पता चला। किस आसन का क्या लाभ, क्या हानि है,व कैसे करने चाहिए आदि।
पार्थ, सेक्टर-13
---------------
गवर्नमेंट कॉलेज व जिला में भी करीब एक हजार ने किया योग
गवर्नमेंट कॉलेज में 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों ने एक साथ योग किया। शिविर में गवर्नमेंट कॉलेज, वैश्य कॉलेज, गवर्नमेंट स्कूल, वैश्यसीनियर सेकेंडरी, केएम स्कूल, डीएवी, गवर्नमेंट स्कूल बामला, तिगड़ाना के गवर्नमेंट स्कूल के कैडेट्स ने योग किया। जिला जेल में अधीक्षक सतवेंद्र गोदारा व उप अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में बंदियों ने योग किया।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज की शाखा गौशाला मार्केट द्वारा अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर हुडा पार्क में योग शिविर लगायागया। बीके कीर्ति ने योग कामहत्व बताया। हलवासिया विद्या विहार के मेजर ध्यानचन्द स्टेडियम में एनसीसी कैडेट तथा स्पोर्ट्स क्लब के खिलाडियों ने विद्यालय प्राचार्य डा. रमाकान्त शर्मा के निर्देशन में योग किया।