श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा को स
भिवानी। दादरी गेट स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में शब्दाक्षर हरियाणा राष्ट्रीय साहित्योत्सव के दूसरे दिन 25 राज्यों से आए कवियों, लेखकों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। स्वामी डॉ. सदानंद महाराज के सान्निध्य में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में साहित्यिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने साहित्योत्सव को राष्ट्रीय एकता और साहित्यिक विचारों के आदान-प्रदान का मंच बताया। शब्दाक्षर के प्रदेश संरक्षक डॉ. मुरलीधर द्विवेदी ने कहा कि आयोजन देशभर के साहित्यकारों को जोड़कर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीयता का संदेश दे रहा है। मध्य प्रदेश के राकेश कुमार और बृजेश त्रिवेदी, छत्तीसगढ़ के डॉ. महेंद्र ठाकुर, राजस्थान के सुरेश जांगिड़ और महाराष्ट्र के टेकचंद सिंधवी ने रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को प्रभावित किया।
एडीसी ने कहा कि साहित्योत्सव में हास्य, व्यंग्य, कविता और कहानी का संगम देखने को मिला। विभिन्न राज्यों के साहित्यकारों ने अपनी-अपनी भाषाओं में रचनाएं प्रस्तुत कर देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया। ऐसे आयोजन साहित्यकारों को विचार साझा करने और अपनी बात रखने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम में शब्दाक्षर के राष्ट्रीय संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र और राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने मनोचिकित्सक डॉ. किरण के साथ प्रणामी आश्रम द्वारा संचालित अपना घर आश्रम का दौरा किया। उन्होंने वहां बेसहारा, पीड़ित और प्रभुजनों की सेवा तथा उनके लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीसी ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए मंदिर प्रबंधन को आश्रम के सुचारू संचालन के लिए बधाई दी।