लोहारू। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से नियुक्त चुनाव सामग्री लेने और देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए सोमवार को लोहारू के राजकीय कन्या महाविद्यालय में कार्यशाला हुई। कार्यशाला में एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि सावधानी व व्यवहार कुशलता से चुनाव सामग्री देने व लेने का कार्य करें ताकि लोहारू विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा आम चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाया जा सके।
उन्होंने चुनाव से जुडे सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईमानदारी और निष्ठा से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। कार्यशाला में एसडीएम ने अधिकारियों को मतदान केंद्र की कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट वीवीपैट यूनिट की जांच, मॉक पोल, मतदान सामग्री प्राप्त करना, मिलान करना व मतदान सामग्री की जांच करने की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव में अपनाए जाने वाले सभी तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि मॉक पोल के दौरान किए गए वोट और वीवीपैट से निकलने वाली पर्चियों व कंट्रोल यूनिट में कुल वोट के मिलान होने पर, पोलिंग एजेंट के हस्ताक्षर अवश्य करवाएं तथा मॉक पोल उपरांत इसका रिकॉर्ड रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदान की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखते हुए प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर कुल वोट जांचे जाएं और उसकी सूचना अपने सेक्टर प्रभारी अधिकारी को दें। इस दौरान पूर्व तहसीलदार खेमचंद सैनी ने भी विस्तार से चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में तहसीलदार विक्रम सिंगला, नायब तहसीलदार संजय शर्मा व गौरव कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा, प्राचार्य डॉ. मुकेश चहल, डॉ. सुखबीर सिंह, डॉ. विचित्र, डॉ. प्रमोद कुमार, प्राचार्य अंशु भल्ला, शिवकुमार शर्मा, कानूनगो अनिल मेचु, जगबीर सिंह, रविंद्र डीपी, वीरेंद्र, नपा सचिव तेजपाल तंवर मौजूद रहे।