भिवानी। पांच माह से भिवानी-महम मुख्य मार्ग गांव कालुवास के समीप रेलवे ओवरब्रिज का काम बंद पड़ा है। नक्शे में रेलवे ओवरब्रिज के डिजाइन बदली किए जाने के बाद से ही करीब पांच करोड़ के अतिरिक्त बजट की डिमांड मुख्यालय को भेजी है, मगर अभी तक इसकी मंजूरी का इंतजार है।
वहीं दिनोद रोड जीतुवाला रेलवे फाटक पर भी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करीब ढाई साल बाद 75 फीसदी ही पूरा हुआ है। 25 फीसदी निर्माण में अतिक्रमण रोड़ा बना है। हालांकि अभी तक जीतुवाला फाटक मुक्तिधाम से तोशाम बाईपास तक की सड़क पीडब्ल्यूडी को सौंपे जाने की कोई अधिकारिक पुष्टि या सूचना नहीं है। जबकि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला डीसी को इस संबंध में निर्देश दे चुके हैं, लेकिन एक विभाग से दूसरे विभाग को सड़क स्थानांतरण का मामला सीधे मुख्यमंत्री के अधीन आता है।
भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर 2020 से कालुवास रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। ये पुल अभी 60 फीसदी भी नहीं बना कि इसका नक्शे में डिजाइन बदली कर डाला। इसके बाद इस पुल पर लागत काफी बढ़ गई। हालांकि एजेंसी ने जितना बजट मंजूर हुआ था, उस बजट में जितना पुल निर्माण का काम हुआ उतना एजेंसी करा चुकी है। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने करीब पांच माह से मुख्यालय को पांच करोड़ के अतिरिक्त बजट की मांग की है। इससे की इस पुल का निर्माण पूरा कराया जा सके। जब तक बजट नहीं आता अधिकारी एजेंसी से एडवांस में काम भी नहीं करा सकते हैं। ऐसे में पांच माह से पुल निर्माण का काम बंद पड़ा है।
साइड में सर्विस रोड भी नहीं बना है, लेकिन इसे चालू कर दिया है। जिस वजह से भारी वाहनों के आवागमन में परेशानी है। वहीं आसपास के आठ गांवों के ग्रामीण भी पुल नहीं बनने से परेशानी झेल रहे हैं। अधर में पड़ा सर्विस रोड फिलहाल खोला गया है, मगर इसमें उबड़-खाबड़ सड़क पर भारी वाहन हिचकोले खा रहे हैं। इससे हादसों का अंदेशा बना है।
नहीं हटा अतिक्रमण, काम भी हुआ धीमा
दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज का काम करीब 75 फीसदी हुआ है। 25 फीसदी पुल निर्माण अभी बाकी है। जीतुवाला फाटक पार मुक्ति धाम तक अतिक्रमण नहीं हटने की वजह से भी पुल निर्माण बाधित हो रहा है। हालांकि कुछ लोगों ने कोर्ट से इस पर स्टे ले रखा है। इसे हटवाने के बाद ही पुल के आगे के निर्माण का काम आगे बढेगा। कंस्ट्रक्शन एजेंसी ऊपरी हिस्से में काम कर रही है। जबकि कृष्णा कॉलोनी छौर पर भी काम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दिनोद रोड रास्ता बंद होने से लाइनपार की करीब आठ से अधिक गांवों के अलावा 50 हजार से अधिक लोगों की आबादी परेशानी झेल रही है।
भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट का मसौदा मुख्यालय भेजा हुआ है। इस पर अभी मंजूरी नहीं मिली है। इसके अलावा दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। कुछ लोगों ने यहां कोर्ट से स्टे ले रखा है। जिस पर भी जल्द कार्रवाई के बाद इस अतिक्रमण को हटवाने की दिशा में कोर्ट के निर्देश के बाद कदम उठाए जाएंगे। दिनोद रोड की पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंपे जाने की अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
-लोकेश कुमार, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।