भिवानी। शहर के 107 पार्काें का अब जल्द जीर्णोद्धार का काम शुरू होगा। इसके लिए नगर परिषद ने वर्क ऑर्डर जारी किए हैं। वहीं पार्काें के अंदर टूटे पड़े झूलों पर भी अब बच्चे चोटिल नहीं होंगे, क्योंकि इन झूलों को भी बदला जाएगा।
लंबे अर्से से शहर के पार्काें का रखरखाव को लेकर नगर परिषद के समक्ष मांग उठ रही थी, इसी को लेकर नगर परिषद ने अब पार्काें की हालत सुधार की दिशा में कदम उठाया है। वहीं घंटाघर से रेलवे स्टेशन और घंटाघर से सराय चौपटा तक मार्ग के सुंदरीकरण का मसौदा भी मुख्यालय को भेजा है। जिस पर जल्द मंजूरी की उम्मीद है। हालांकि अभी तक शहर के अंदर चार जोन में बांटकर सफाई की योजना की फाइल मुख्यालय में अटकी है। इसकी वजह से शहर की कई कॉलोनियों में मैनुअल सफाई भी नहीं हो पा रही है।
भिवानी नगर परिषद के दायरे में शहर के पॉश इलाका सेक्टर 13 और 23 के अलावा पुराना शहर के मुख्य पार्क आते हैं। नगर परिषद ने कुछ अर्से पहले ही शहर के 107 पार्कों के अंदर सर्वेक्षण कराकर उनके मेंटनेंस का खाका तैयार किया था। इसके आधार पर नगर परिषद अधिकारियों ने ऑनलाइन टेंडर कराए। इन टेंडरों पर अब वर्क ऑर्डर हो चुके हैं। इसके बाद एजेंसी से नगर परिषद अधिकारी अब पार्काें के अंदर मेंटनेंस का काम कराएंगे।
इसमें पार्कों की टूटी चहारदीवारी, लोहे की रेलिंग, टूटे पड़े झूले और पगडंडी तैयार कराएंगे। इससे की भ्रमण करने आने वालों को किसी तरह की कोई दिक्कत न बने। वहीं पार्काें के सुंदरीकरण के लिए भी उनका रखरखाव किया जाएगा।
-
शहर के इन पार्कों में खस्ताहाल है झूले
शहर के हुडा सेंट्रल पार्क के अलावा नेहरू पार्क, सेक्टर 13 और 23 के पार्काें के अंदर ओपन जिम और झूले टूटे पड़े हैं। इसकी वजह से बच्चे भी इन झूलों पर झूलते समय चोटिल हो रहे हैं। कई झूलों पर तो लोहे की चद्दर इतनी खतरनाक तरीके से बाहर निकली हैं कि अगर गलती से भी कोई बच्चा इनके नजदीक पहुंचा तो उसे गंभीर चोट आ सकती हैं। इन पार्काें के अंदर झूलों की स्थिति भी सुधारी जाएगी। वहीं पार्क के मरम्मत का काम भी शुरू होगा।
-
नगर परिषद ने शहर के 107 पार्काें के जीर्णोद्धार कार्याें के वर्क ऑर्डर किए हैं, जिस पर जल्द ही काम शुरू कराएंगे। पार्काें के अंदर टूटी पड़ी चहारदीवारी की मरम्मत होगी। वहीं भ्रमण के लिए पगडंडी को दुरुस्त कराया जाएगा। इन पार्काें के अंदर झूले खराब हैं, उन्हें भी ठीक कराएंगे। घंटाघर से सराय चौपटा और रेलवे रोड के सुंदरीकरण का मसौदा भी मुख्यालय को भेजा है। इसे जल्द मंजूरी मिलने पर काम शुरू कराएंगे।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।