भिवानी। शहर में दो रेलवे ओवरब्रिज का काम धीमी रफ्तार से चल रहा है। इसकी वजह से डेडलाइन से भी ये काम अब पार हो गया है। दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज मार्च तक बनकर तैयार होना था, लेकिन अभी तक इस पुल का करीब 75 फीसदी काम ही पूरा हुआ है। पुल के इंतजार मेें लोहारू रोड के पुराने पुल को तोड़कर उसकी जगह नए पुल के निर्माण का काम भी अटका हुआ है। इतना ही नहीं दिनोद रोड लाइनपार की करीब आठ बड़ी कॉलोनियों में 35 हजार से अधिक लोगों की आबादी का मुख्य रास्ता भी पिछले तीन साल से बंद पड़ा है। इसी तरह भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर भी कालुवास रेलवे ओवरब्रिज का काम भी अभी पूरा नहीं हुआ है। इस कार्य को भी दो बार एक्सटेंशन मिल चुकी है। इसकी वजह से आसपास के छह गांव के अलावा महम और चंडीगढ़ जाने वाले वाहन भी करीब चार साल से सात किलोमीटर दूर का चक्कर लगाने पर मजबूर हैं।
दिनोद रोड पर कृष्णा कॉलोनी छोर से जीतुवाला रेलवे फाटक 52-सी पर 600 मीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का काम करीब तीन साल से चल रहा है। इस पुल का काम दो साल में पूरा होना था, मगर एक साल की एक्सटेंशन मिली तो इसे मार्च में हर हाल में पूरा करना था, मगर अभी तक यह 75 फीसदी बनकर ही तैयार हुआ है। लाइनपार करीब आठ बड़ी कॉलोनियां हैं, जिनका मुख्य रास्ता भी पुल निर्माण की वजह से बंद पड़ा है। इन कॉलोनियों के लोगों को तोशाम बाईपास अनाज मंडी या फिर तोशाम रेलवे ओवरब्रिज के रास्ते शहर में आना-जाना पड़ता है। इसके लिए पांच किलोमीटर दूर का सफर तय करना पड़ता है। जबकि पुल बनने से मात्र 500 मीटर दूरी के बाद ही शहर में आना-जाना आसानी से हो तय सकता है। इस पुल के पूरा होने पर ही लोहारू रोड के 50 साल पुराने पुल को तोड़कर उसकी जगह नए पुल निर्माण की परियोजना भी अटकी है। क्योंकि यहां से रास्ता खुलने के बाद ही हाईवे के रास्ते पर पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाने का काम शुरू होगा, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके व आवागमन भी बाधित न हो।
ये है पुल के काम में अड़चन
दिनोद रोड पुल निर्माण का काम पूरा करने की मियाद 21 मार्च तक है। लेकिन अभी तक कुछ लोगों के कोर्ट में केस लंबित हैं, जबकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने भी कृष्णा कॉलोनी छोर और जीतुवाला रेलवे फाटक मुक्तिधाम छोर पर दो सीवरेज मेनहोल शिफ्ट नहीं किए हैं। इस वजह से पुल निर्माण का काम चाहकर भी बिना एक्सटेंशन के पूरा नहीं हो सकता है।
नौ से 15 मार्च तक मांगी है रेलवे से ब्लाॅक की अनुमति
दिनोद रोड पर रेलवे के फाटक संख्या 52-सी पर पुल निर्माण कार्य के दौरान टॉप सेक्शन निर्माण कार्य के लिए नौ से 15 मार्च तक रेलवे से ब्लॉक की अनुमति मांगी है। जब तक रेलवे भिवानी-रेवाड़ी रेल मार्ग पर ब्लॉक की अनुमति नहीं देती तब तक ये कार्य भी लंबित है।
अधिकारी बोले
दिनोद रोड कृष्णा कॉलोनी से जीतुवाला फाटक पर बन रहे रेलवे पुल निर्माण के काम को पूरा होने में अभी छह माह और लग सकते हैं। इसी तरह भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर कालुवास रेलवे ओवरब्रिज के काम में भी करीब छह माह और लगेंगे। दोनों ही रेलवे ओवरब्रिज पर काम तेजी से चल रहा है। इन्हें पहले से ही कार्य की एक्सटेंशन दी हुई है।
-कृष्ण कुमार, कार्यकारी अभियंता, बीएंडआर विभाग भिवानी।