भिवानी। पुलिस ने हरियाणा पुलिस कमांडो भर्ती में धोखाधड़ी से पेपर करवाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहतक में गांव धामड़ निवासी अजय उर्फ लंबा के रूप में हुई है। आरोपी को दो दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
शहर थाना के उक्त समय के प्रबंधक रविंद्र कुमार को सुरक्षा एजेंट ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि नागरिक अस्पताल के समीप एक गिरोह सक्रिय है जो रुपये लेकर, धोखाधड़ी करके राज्य व केंद्र सरकार में नागरिकों को नौकरी लगवाते हैं। इस संबंध में शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो जनवरी 2022 को शहर थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए शहर पुलिस थाना में एसआई सतीश कुमार ने आरोपी को रोहतक के आंबेडकर चौक से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पवन नामक व्यक्ति के स्थान पर बैठकर भर्ती में पेपर दिया था। पुलिस की आरोपी से पूछताछ जारी है। इस मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।