10वीं एशिया पेसिफिक में पदक विजेता दिव्यांग खिलाड़ियों के साथ कोच व अन्य।
भिवानी। मलयेशिया में आयोजित हुई 10वीं एशिया पैसिफिक डेफ खेल में आस्था स्पेशल स्कूल के दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में तीन पदक हासिल किए।
इस प्रतियोगिता में जसपाल ने शॉटपुट में रजत पदक व डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक, अमित ने कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं रूपेश ने जैवलिन थ्रो में सातवां स्थान प्राप्त किया है। पदक विजेता खिलाड़ी के भिवानी पहुंचने पर वीरवार को आस्था स्पेशल स्कूल के संस्थापक विजय शर्मा व प्राचार्या एवं संचालिका अधिवक्ता सुमन शर्मा के नेतृत्व में फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर आस्था स्पेशल स्कूल की प्राचार्या एवं संचालिका अधिवक्ता सुमन शर्मा ने बताया कि उनके विद्यालय के तीन खिलाड़ियों ने कुल तीन पदक हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि अब इन खिलाड़ियों का अगला लक्ष्य वर्ष 2025 में होने वाले डेफ ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। उन्हें पूरा विश्वास है कि ये तीनों खिलाड़ी अपनी मेहनत व प्रतिभा के दम पर अपना लक्ष्य हासिल करेंगे। आस्था स्पेशल स्कूल के संस्थापक विजय शर्मा ने कहा कि पदक विजेता दिव्यांग खिलाड़ियों के सम्मान से अन्य दिव्यांगजनों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है।