भिवानी। गांव कोंट में सैकड़ों महिलाओं ने पेयजल की किल्लत को लेकर जमकर हंगामा किया। गुस्साई महिलाओं ने कहा कि न उनके घरों में पानी, न तालाबों में और न ही खेतों में। उन्होंने कहा कि यह समस्या तीन वर्षों से है। पेयजल किल्लत के विरोध में महिलाओं ने रोष जताते हुए मटके फोड़े और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पीने का पानी न आने से ग्रामीण पानी खरीदने को मजबूर हैं। करीब दो घंटे तक महिलाओं ने प्रदर्शन किया। पेयजल समस्या के चलते रविवार को गांव कोंट की महिलाओं व पुरुषों ने प्रशासन व संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में पिछले दो-तीन वर्षों से पेयजल समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर वे पिछले दो-तीन वर्षों से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। सिंचाई के लिए तो सरकार ड्रिप इरिगेशन को बढ़ावा देकर समाधान कर रही है, लेकिन पेयजल का कोई समाधान किया जा रहा। महिलाओं ने कहा कि पेयजल समस्या के विरोध में आज उन्होंने मटका फोड़ प्रदर्शन किया है। जब घरों में पीने तक को पानी नहीं है तो फिर घरों में मटके का क्या काम रह गया। साथ ही ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी भी दी कि अगर जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जल्द ही जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के कार्यालयों में मटकों को फोड़कर प्रदर्शन कर वहीं पर धरना देने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर फूलवती, सुदेश, संतोष, माया, नीलम, सुमन, इंद्रावती, धनपति, संतरा, महाबीर जांगड़ा, हरविंद्र, ओमबीर, सोनी उपस्थित रहे।