फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: दादरी गेट पर पीने के पानी के लिए महिलाओं ने लगाया एनएच पर जाम

Mon, 14 Apr 2025 01:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
दादरी गेट क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए सड़क पर जाम लगातीं महिलाएं। 
विज्ञापन
भिवानी। दादरी गेट और ढाणा रोड क्षेत्र की महिलाओं का पीने के पानी को लेकर एक बार फिर गुस्सा फूट पड़ा और रविवार सुबह दादरी गेट चौक पर दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे आधे घंटे तक जाम कर दिया। जाम पर डटी महिलाओं ने चारों तरफ से मानव शृंखला बनाकर व रस्सी और रेहड़ी सड़क पर लगाकर हाईवे को पूरी तरह से बंद कर दिया। इस वजह से वाहनों की भी लंबी कतारें लगीं। महिलाओं का आरोप है कि पिछले 14 दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। मौके पर पहुंची जिला यातायात पुलिस ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान लोगों के साथ पुलिस की हल्की-फुल्की झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई।
विज्ञापन

चार दिन पहले भी दादरी गेट चौक पर दादरी गेट और ढाणा रोड की महिलाओं ने हाईवे पर जाम लगाया था। लेकिन आश्वासन के बाद भी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हुई। दादरी गेट पर प्रदर्शन कर रही महिला रोशनी देवी व शीला देवी ने बताया कि उनके क्षेत्र में 14 दिनों से पानी की परेशानी है। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले भी उन्होंने पानी की समस्या को लेकर हाईवे जाम लगाया था, जिसके बाद आस-पास की कॉलोनी में तो पानी की आपूर्ति होने लगी। लेकिन उनकी कॉलोनी में पानी नहीं आ रहा है। जबकि नहरों का पानी जलघर में पहुंच गया है, लेकिन फिर भी उनके घरों में पानी नहीं आ रहा।
उन्होंने कहा कि दादरी गेट के इस क्षेत्र में अधिकतर दिहाड़ी मजदूर रहते हैं। उन्हें पानी मजबूरी में खरीदकर पीना पड़ रहा है। महिलाओं को दूर-दराज से सिर पर पानी लाना पड़ता है। हालत यह है कि मजदूरी का काम छोड़कर दूर-दराज के हैंडपंपों से पानी लाने में ही घंटों लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनकी समस्या हल नहीं हुई तो वे फिर से दादरी गेट, कोंट रोड व ढाणा रोड के निवासियों के साथ मिलकर फिर जाम लगाने को मजबूर होंगे।
विज्ञापन


दादरी गेट बूस्टर की मोटर भी ठीक कराई, फिर भी नहीं हो रही आपूर्ति
चार दिन पहले क्षेत्र के लोगों ने हाईवे पर जाम लगाया था तो जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने दादरी गेट बूस्टर की खराब पड़ी मोटर ठीक करा दी थी। लेकिन इसके बाद भी पानी की पूरे इलाके में नियमित नहीं हो पाई। हालांकि लाइनों में पानी का प्रेशर कम होने और आंशिक पेयजल आपूर्ति के चलते सभी घरों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में क्षेत्र की महिलाओं का फिर से पीने के पानी को लेकर आक्रोशित होना स्वाभाविक है।

दादरी गेट के क्षेत्र के लोगों ने हाईवे पर लगभग आधे घंटे तक जाम लगाया है। स्थानीय निवासियों को पानी की आपूर्ति की व्यवस्था सुधार का आश्वासन दिया है। जिसके बाद महिलाओं ने हाईवे को खोल दिया है। यातायात सुचारू रूप से शुरू कर दिया है।
-सुरेश कुमार, प्रबंधक, जिला यातायात पुलिस थाना भिवानी।

शहर में अभी पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो पाई है। क्योंकि नहरों में पानी का स्तर बहुत कम है। जलघर के टैंकों में अभी आपूर्ति हो रही है। शहरवासियों से भी संयम रखने की अपील की जा रही है। दादरी गेट बूस्टिंग स्टेशन पर अब किसी तरह की दिक्कत नहीं है।
विज्ञापन

-सुरज प्रकाश जैन, एसडीओ, शहरी पेयजल शाखा भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें