गांव प्रेमनगर में एक महिला ने जेल से पैरोल पर बाहर आए हत्या मामले में सजायाफ्ता एक व्यक्ति पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत सदर पुलिस को दी है। वहीं, आरोपी पक्ष से भी एक महिला ने प्लॉट विवाद को लेकर पुलिस को शिकायत देकर मारपीट के आरोप लगाए हैं। सदर पुलिस ने दोनों ही तरफ से केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव प्रेमनगर निवासी महिला अनतिमा ने बताया कि वह 14 सितंबर को अपने घर जा रही थी इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति व उसके परिवार ने उस पर ईंट पत्थर बरसा दिए। जब उसने अपने घर की तरफ भागने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उसे पकड़ लिया और उसके गले से चेन और हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया जो उसके ही परिवार की एक महिला को दे दिया। अनतिमा ने बताया कि उसके साथ मारपीट का आरोपी हत्या के मामले में जिला जेल में बंद है जिसे तीन साल की सजा हो चुकी है। कोविड-19 की वजह से वह इन दिनों पैरोल पर बाहर आया हुआ है। महिला ने बताया कि 22 जून को भी सदर पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी। झगड़े का शोर सुनकर उसके पिता ओमबीर वहां पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
वहीं, दूसरी तरफ आरोपी पक्ष से प्रेमनगर निवासी मीना ने भी सदर पुलिस को शिकायत दी है। मीना ने कहा कि उनका अपने देवर ओमबीर से प्लॉट बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर 14 सितंबर को उसके देवर ने उसके साथ अभद्रता की और उसकी पत्नी व बहुओं ने उसके साथ मारपीट की। उसने बताया कि झगड़े के वक्त उसका पति बाहर गया हुआ था। उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। सदर पुलिस ने दोनों ही तरफ से बयान दर्ज कर इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत दोनों ही पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।