भिवानी। कोरोना वायरस का संक्रमण तेली से फैल रहा है। वीरवार को भी 93 कोरोना संक्रमित सामने आए। जिसके बाद एक्टिव केसों का आंकड़ा 483 तक पहुंच गया है। इतना ही नहीं जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा भी सात हजार के पार पहुंच गया है। अब 7028 कोरोना पॉजिटिव हैं। जिनमें 6389 ठीक हो चुके हैं। वीरवार को सैय गांव की एक महिला की मौत की सूचना आई।
अप्रैल माह में 15 दिनों में 596 कोरोना पॉजिटिव सामने आ चुके हैं, वहीं 11 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। मृत महिला के परिजनों ने बताया कि महिला को सात अप्रैल को तबीयत खराब होने पर हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। नौ अप्रैल को वापस ले आए। शाम पांच बजे वे घर पहुंचे और करीब सवा पांच बजे महिला ने दम तोड़ दिया। गांव सैय में ही अंतिम संस्कार किया गया। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों के सैंपल लिए।
शहर-गांव सब जगह से सामने आ रहे पॉजिटिव
93 नए कोरोना संक्रमितों में ज्यादातर शहर की विभिन्न कॉलोनियों से हैं। इसके अलावा विभिन्न गांवों से भी खासी संख्या में पॉजिटिव सामने आ रहे हैं। छोटे बच्चे, विद्यार्थियों और बुजुर्गों का संक्रमित मिलना चिंता का विषय है।
तोशाम सब डिपो में 15 कर्मचारी मिले संक्रमित
तोशाम सब डिपो के 15 कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। इससे रोडवेज विभाग में हड़कंप मचा है। दो कर्मचारी दो-तीन पूर्व संक्रमित मिले थे वहीं 13 रविवार को पॉजिटिव मिले। सुबह पांच कर्मचारियों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी मगर शाम को आठ और पॉजिटिव पाए गए। सामान्य अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि रोडवेज के 15 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसकी आधिकारिक सूचना बस स्टैंड इंचार्ज को दे दी गई है। 13 कर्मचारी वीरवार व दो कर्मचारी 2-3 दिन पहले ही पॉजिटव आए थे। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। बस अड्डा इंचार्ज रामपाल सिंह ने बताया कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से पत्र मिला है। अब बिना मास्क बस स्टैंड पर प्रवेश नहीं होगा। सभी बसों को सैनिटाइज कर चलाया जाएगा।
1252 लोगों को लगी वैक्सीन
वीरवार को 17 सरकारी केंद्रों पर 1252 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई गई। विभाग की ओर से वीरवार को 1120 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था मगर लक्ष्य से भी ज्यादा 1252 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
वर्जन:::
कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार गंभीर होता जा रहा है। लापरवाही में यह ज्यादा फैल रहा है। बचाव के लिए हमें कोरोना संक्रमण की चेन तोड़नी होगी। यह तभी संभव है जब हम कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। मास्क लगाएं और सामुदायिक दूरी का पालन करें। जहां तक संभव हो घर में ही रहे।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन