भिवानी। प्रदेश के वित्त मंत्री जेपी दलाल ने किरण चौधरी के भाजपा में शामिल होने का स्वागत करते हुए कांग्रेस पर तीखे कटाक्ष किए। जेपी दलाल ने कहा कि किरण चौधरी के भाजपा में आने से हमारा कुनबा बढ़ा है और पार्टी को मजबूती मिलेगी। साथ ही कहा कि अब कांग्रेस परिवारवादी संगठन बन चुकी है, जिसे विधानसभा में उसी के तथाकथित उम्मीदवार ही हरा देंगे।
वित्त मंत्री जेपी दलाल ने किरण चौधरी के कांग्रेस से भाजपा में आने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी न रहकर एक परिवारवादी संगठन बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस संगठन पर जिसका कब्जा होता है वह दूसरों को प्रताड़ित करता है। उन्होंने कहा कि किरण की तरह कांग्रेस के कई नेताओं की लाइन लगी है, जो कि भाजपा में आना चाहते हैं।
वहीं, किरण चौधरी से पहले अपने 36 के आंकड़े को लेकर जेपी दलाल ने कहा कि पहले हम अलग-अलग पार्टियों में थे और अपनी-अपनी पार्टी की बातें करते थे। अब हम दोनों एक पार्टी में हैं। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में बराबरी पर आने पर विधानसभा में सरकार बनाने के दावे पर जेपी दलाल ने कहा कि कांग्रेस गलतफहमी में न रहे। कांग्रेस ने हर विधानसभा में 10-10 तथाकथित उम्मीदवार बनाकर अब तो वोट ले लिए, पर जब टिकट एक को मिलेगी तो सही उम्मीदवार कांग्रेस को हरा देंगे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी भिवानी आएंगे और किसानों को क्षतिपूर्ति पोर्टल पर और गरीब परिवारों को दयालु योजना के पैसे उनके खाते में डालेंगे।