भिवानी। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा शनिवार को भिवानी-महेन्द्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। उन्होंने लोहारू, तोशाम, बवानी खेड़ा हलकों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर अग्निपथ योजना खत्म करेंगे, रेगुलर भर्ती शुरू करके पहले से भर्ती अग्निवीरों को पक्का कराएंगे।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 1,600 करोड़ के बिजली बिल माफ किए थे, जिसका सबसे ज्यादा फायदा भिवानी-महेन्द्रगढ़ के लोगों को हुआ था। कांग्रेस की हुड्डा सरकार ने भिवानी-महेंद्रगढ़ को शिक्षा व खेलों का हब बनाया। उन्होंने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए चौ. बंसीलाल के नाम पर भिवानी में यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज बनवाया। कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय इस लोकसभा क्षेत्र के नारनौल में आयुर्वेदिक मेडिकल यूनिवर्सिटी, महेंद्रगढ़ में केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे अनेक संस्थान व परियोजनाएं आईं।
उन्होंने कहा कि भिवानी-महेन्द्रगढ़ सैनिकों की खान रहा है। बीजेपी सरकार की अग्निपथ योजना से सबसे ज्यादा नुकसान इन दोनों जिलों को हुआ है। हरियाणा में हर साल फौज में करीब 5,500 की पक्की भर्ती होती थी लेकिन अब अग्निपथ योजना में ये भर्ती घटकर करीब 225 ही रह गयी है। अग्निपथ योजना न देश के हित में है, न फौज के हित में है न ही नौजवानों के हित में है।