लघु सचिवालय परिसर में प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ को काबू करवाते डीसी महावीर कौशिक।
भिवानी। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया का वीरवार को अंतिम दिन था। लघु सचिवालय परिसर स्थित उपायुक्त के न्यायालय कक्ष में बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र तथा तहसीलदार के न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान एक बार स्थिति ऐसी भीड़ की स्थिति बनी कि डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर कौशिक ने स्वयं मोर्चा संभाला और लोगों को उचित दूरी पर जाने के निर्देश दिए।
नामांकन का अंतिम दिन होने के चलते बवानीखेड़ा विधानसभा और भिवानी विधानसभा क्षेत्र से एक साथ कई प्रत्याशी नामांकन करने के लिए पहुंचे। प्रत्याशियों के साथ ही भारी संख्या में उनके समर्थक लघु सचिवालय परिसर पहुंचे। लघु सचिवालय परिसर में प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ की सूचना मिलते ही डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर कौशिक तुरंत अपने कार्यालय से बाहर आए और भीड़ को खदेड़ने के लिए स्वयं मोर्चा संभाला। उन्होंने परिसर में खड़े लोगों को वहां से उचित दूरी पर जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान के लिए प्रत्याशी के अलावा केवल चार व्यक्ति ही अंदर जा सकते हैं। नामांकन पत्र कक्ष के आसपास भीड़ नहीं बननी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि वे यहां पर भीड़ का आलम न बनने दें। डीसी द्वारा समझाने के बाद लोग से वहां से इधर-उधर हुए।