भिवानी। होली के हुड़दंग में दंगों का डर रहता है। इसी को लेकर धुलेंडी पर रोडवेज बसों का पहिया थमा रहेगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया है। धुलेंडी के दिन लोकल के साथ लंबी दूरी के रूटों पर रोडवेज बस नहीं चलेंगी। वहीं जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की गई हैं। अगर धुलेंडी पर झगड़े में ज्यादा लोग घायल होकर पहुंचते हैं तो उनके उपचार के लिए दो चिकित्सकों के अलावा अतिरिक्त स्टाफ भी मौजूद रहेगा।
धुलेंडी पर रोडवेज बसों को इसलिए भी बंद कर दिया जाता है, क्योंकि लोग कीचड़, पत्थर और पानी भी डालते हैं। इस दिन लोग भी सफर नहीं करते हैं। ऐसे हालातों में रोडवेज प्रशासन ने इस बार भी धुलेंडी पर रोडवेज बसों को नहीं चलाने की बात कही है। हालांकि रोडवेज प्रबंधन के अधिकारियों का यह भी दावा है कि अभी तक धुलेंडी के दिन बसों के संचालन संबंधी कोई निर्देश मुख्यालय से नहीं मिले हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग की धुलेंडी के दिन जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में धुलेंडी के दिन लोग आपसी रंजिश भी निकालते हैं, इसी को लेकर झगड़ों व आपसी विवाद में घायल होने वालों की संख्या भी अचानक बढ़ जाती है। इसके लिए आपात विभाग में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था भी कराई गई है।
जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में धुलेंडी के दिन अतिरिक्त स्टाफ तैनात रहेगा वहीं एंबुलेंस सेवा को भी अलर्ट पर रखा जाएगा। कहीं से भी कोई सूचना मिलती है तो तुरंत एंबुलेंस पहुंचेगी। आपात विभाग में ड्यूटी के संबंध में हिदायतें जारी कर दी हैं।
- डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी।
धुलेंडी के दिन रोडवेज बसों के संचालन संबंधी मुख्यालय से कोई आदेश नहीं मिले हैं। संभव हुआ तो रोडवेज की बसों को चलाया जाएगा।
-विक्रम सिंह कंबोज, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।