भिवानी। प्रशासनिक अव्यवस्था और उठान में देरी से मंडियों में आया किसानों का पीला सोना खराब होने लगा है। इसका कारण जहां एक तरफ पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीच-बीच में हो रही बारिश है, वहीं ठेकेदार द्वारा उठान में तेजी नहीं लाना दूसरा कारण है। रविवार को मंडी में गेहूं की आवक नहीं हुई।
एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गेहूं का तो सीजन चल रहा है, लेकिन उससे पहले मंडी में पड़ी सरसों का ही उठान अब तक नहीं हो पाया है। उक्त कर्मचारी ने बताया कि अभी तक करीब 30 प्रतिशत ही सरसों का उठान हो पाया है। ठेकेदार ने उठान के लिए 15 ट्रक और 40 के करीब लेबर लगा रखी है। इस कारण मंडी गेहूं और सरसों से अटी पड़ी है। ऊपर से हर तीसरे-चौथे दिन हो रही बारिश से दाने की गुणवत्ता तो खराब हो ही रही है, ऊपर से उसके खराब होने का खतरा भी पैदा हो गया है।
बता दें कि उठान नहीं होने से लाखों क्विंटल सरसों और गेहूं अभी भी मंडियों में पड़ा है। उठान नहीं होने से किसानों का भुगतान भी अटका है। भिवानी की नई अनाज मंडी में अब तक 2865 किसान दो लाख 27 हजार क्विंटल गेहूं ला चुके हैं। गेहूं का उठान धीमी गति से होने से किसानों के साथ आढ़ती भी परेशान हैं। बारिश के पानी के कारण काफी गेहूं खराब होने की कगार पर खड़ा है। जो गेहूं पानी में भीग चुका है उसमें बदबू भी आने लगी है। किसानों और आढ़तियों का कहना है कि जो गेहूं बोरी में बंद है और भीग चुका है उसका पता ही नहीं है कि वह किस हालत में है।
उन्होंने बताया कि इसी तरह चारा मंडी में भी अब तक 19,149 किसान अपनी तीन लाख 75 हजार 059 क्विंटल सरसों की आवक कर चुके हैं। रविवार को चारा मंडी में 776 किसानों की 22,885 क्विंटल पहले से पड़ी सरसों की खरीद हुई है। वहीं सरसों लेकर आ रहे किसानों से खरीद नहीं की जा रही है। इसी तरह भिवानी मंडी में शनिवार को गेहूं की आवक के बावजूद सरकारी खरीद नहीं हुई है।
शुक्रवार को हुई बारिश में गेहूं व सरसों था भीगा
शुक्रवार देर रात को भिवानी में हल्की बारिश हुई थी। इस बारिश के दौरान मंडियों में रखा गेहूं और सरसों भीग गया था। भिवानी मंडी में खुले में रखे गेहूं के कट्टों पर भी बारिश की बूंदें पड़ी, वहीं मंडी के प्लेटफार्म पर भी जगह-जगह पानी जमा हो गया। गेहूं से भरे इन कट्टों का उठान अब तक नहीं हुआ है। खुले में पड़ा गेहूं भीगने के बाद इसके खराब होने की आशंका हो गई है।
मंडी में सरसों की आवक अभी भी हो रही है। मंडी में पहले से पड़ी सरसों की ही सरकारी खरीद कराई जा रही है। नई आवक की सोमवार को सरकारी खरीद कराई जाएगी। वहीं गेहूं का उठान भी करवाया जा रहा है।
-मोहन, ऑक्शन रिकार्डर, चारा मंडी भिवानी।