भिवानी। मुंबई से भिवानी या फिर भिवानी से मुंबई के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी के साथ-साथ स्कूलों की गर्मियों की छुट्टी में माता वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले देवी भक्तों के लिए भी राहत भरी खबर है। रेलवे द्वारा साप्ताहिक बोरीवली-भिवानी व जम्मू तवी-उदयपुर के बीच विशेष रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया है।
वलसाड-भिवानी के बीच सुपरफास्ट रेलगाड़ी को पुन: चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। जबकि जम्मू तवी उदयपुर के बीच वातानुकूलित गरीब रथ साप्ताहिक दौड़ लगाएगा। वलसाड-भिवानी सुपरफास्ट अतीत में यात्रियों के दबाव को कम करने में अहम रही थी। लेकिन किन्हीं कारणों से बंद कर दी गई थी। अब इस रेलगाड़ी को दोबारा चलाने के आदेश दिए गए हैं। रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 09007 वलसाड-भिवानी सुपरफास्ट सप्ताह में एक दिन यानि गुरुवार को वलसाड से चलकर अगले दिन शुक्रवार को भिवानी पहुंचेगी और शुक्रवार को दोपहर बाद वलसाड के लिए रवाना होगी और शनिवार को मंजिल तक पहुंचेगी।
रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 09007 वलसाड- भिवानी विशेष सुपरफास्ट गुरुवार को 13:50 बजे रवाना होगी और रतलाम, अजमेर व जयपुर के रास्ते अगले दिन शुक्रवार को 12:55 बजे भिवानी पहुंचेगी। यह गाड़ी शुक्रवार को ही 14:45 बजे 09008 बनकर वलसाड के लिए रवाना होगी और शनिवार को दोपहर 12:00 बजे मंजिल तक पहुंचेगी। 09007 वलसाड- भिवानी सुपरफास्ट अप्रैल में 18, 25 और मई में 2,9, 16, 23 व 30 जून में 6, 13, 20, 27 तारीख को चलेगी जबकि 9008 भिवानी-वलसाड सुपरफास्ट अप्रैल में 19 व 26, मई में 3, 10, 17, 24 व 31 जून में 7, 14, 21 व 28 तारीख को चलेगी। वलसाड से भिवानी आते वक्त यह सुपरफास्ट 55.6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ते हुए 23 घंटे 5 मिनट में पहुंचेगी, जबकि वापसी में 60.5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़कर 21 घंटे 15 मिनट में मंजिल तक पहुंचेगी। इस गाड़ी में कुल 22 कोच होंगे।
उधर जम्मू तवी -उदयपुर के बीच साप्ताहिक गरीब रथ 04656 गुरुवार को प्रातः 5:20 बजे जम्मू तवी से रवाना होकर शुक्रवार को प्रातः 7:17 बजे उदयपुर पहुंचेगी। गरीब रथ शुक्रवार को 15:10 बजे रवाना होकर 13: 45 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। गरीब रथ जम्मू तवी से उदयपुर जाते वक्त 26 घंटे 10 मिनट का समय लेगा जबकि उदयपुर से जम्मू तवी जाते वक्त 25 घंटे 25 मिनट का समय लेगा। यह मामूली अंतर गति में परिवर्तन के चलते रहेगा। बता दें कि स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों को लेकर भी अब धार्मिक स्थलों पर परिवार कार्यक्रम बनाने लगे हैं, ऐसे में रेलवे द्वारा दी गई ये सफर की सुविधा सस्ती और सुलभ साबित होगी।