नए वर्ष से पेयजल बिल ऑनलाइन भरे जा सकेंगे। इतना ही नहीं शिकायतें भी ऑनलाइन दर्ज होंगी। इसके लिए सॉफ्टवेयर तैयार है और उपभोक्ताओं का डाटा भी फीड हो गया है। 31 दिसंबर तक सॉफ्टवेयर का ट्रायल लिया जा रहा है, इसके बाद नए साल से इस पर काम शुरू हो जाएगा।
ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम के तहत विभाग की मुख्य वेबसाइट पर ही बिल भरने का ऑप्शन होगा। डेबिट या क्रेडिट कार्ड से ऑन लाइन बिल भरा जा सकेगा। बिल भरने के साथ यहीं पर शिकायत का अलग मॉड्यूल है। जिस पर क्लिक कर अपनी शिकायत भी दर्ज करवाई जा सकेगी।
25 हजार उपभोक्ता को मिलेगा फायदा
शहरभर में विभाग के 25 हजार उपभोक्ता है और इस साफ्टवेयर का सीधे तौर पर उन्हें फायदा होगा। जिन्हें इंटरनेट प्रयोग करना नहीं आता, वे नजदीकी साइबर कैफे पर जाकर ऑनलाइन बिल भरवा सकते है। फिलहाल बिल भरना टेड़ी खीर है। दरअसल जनस्वास्थ्य विभाग का कार्यालय महम रोड पर है और शहरवासियों को बिल भरवाने के लिए तीन से पांच किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ता है।
विभाग की वेबसाइट से ही भर सकेंगे बिल
ऑन लाइन बिल भरने के लिए विभाग की वेबसाइट www.wss.hiy.nic.in में जाकर बायी ओर लॉगिन का ऑप्शन होगा। जिस पर क्लिक करने के बाद विभाग की ऑनलाइन सुविधाएं खुलेंगी। इसमें सबसे ऊपर वाटर-सीवरेज बिलिंग सिस्टम पर क्लिक कर भिवानी डिवीजन पर क्लिक कर बिल भरा जा सकेगा। बिल पहले की तरह घरों में भी भेजे जाएंगे। जिससे कि इंटरनेट प्रयोग नहीं करने वाले पहले की तरह विभाग कार्यालय में बिल भर सकेंगे।
--
ट्रायल में ही सामने आ रही छोटी-छोटी खामियां
बेशक लोगों की सहुलियत के लिए पेयजल बिल ऑनलाइन भरने की तैयारी शुरू हो गई है मगर ट्रायल पर चल रहे सिस्टम की शुरुआत में ही छोटी-छोटी खामियां सामने आ रही है। जिन्हें इंजीनियर दूर कर रहे है। 31 दिसंबर तक ट्रायल चलेगा। अगर 31 दिसंबर तक सारी खामियों को दूर किया गया तो जनवरी माह से यह सुविधा लोगों को मिलेगी। अगर खामियां दूर नहीं हुई तो साफ्टवेयर को आगे कुछ समय और ट्रायल पर चलाया जाएगा।
ये होगा ऑनलाइन
- ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम
- ऑनलाइन शिकायत
- ऑनलाइन बायोमैट्रिक हाजिरी सिस्टम्
वर्जन::::
ऑन लाइन बिलिंग के लिए साफ्टवेयर तैयार है और डाटा भी कंप्यूटराइज्ड हो गया है। अब साफ्टवेयर ट्रायल आधार पर है और ट्रायल पूरा होते ही उपभोक्ता ऑन लाइन बिल भर सकेंगे। विभाग को पूरी तरह ऑन लाइन किया जा रहा है।
संजीव त्यागी, एक्सईएन
जनस्वास्थ्य विभाग