भिवानी। गर्मियों की शुरुआत में ही जल संकट झेल रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार को सुंदर ग्रुप की नहरों में पानी पहुंच गया है जिससे जल्द ही शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद बनी है। पहले ही दिन 1550 क्यूसेक की मांग के मुकाबले नहरों में 1467 क्यूसेक पानी पहुंचा।
इससे टेल पर स्थित जलघरों के टैंकों तक पर्याप्त पानी पहुंचने की संभावना है। शहरी क्षेत्र के जलघर टैंकों को पानी उपलब्ध कराने के लिए पहले ही दो दिन अतिरिक्त नहरी पानी भी दिया गया था। नहरों में चार अप्रैल तक पानी मिलेगा और इस दौरान सूखे पड़े जलघर टैंकों को भरने का प्रयास किया जाएगा। शहर में पिछले एक पखवाड़े से एक दिन छोड़कर एक दिन पेयजल आपूर्ति की जा रही है जिससे लोग राशनिंग का सामना कर रहे हैं। हालांकि नहरों में पर्याप्त पानी पहुंच चुका है लेकिन शहरी क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति शुरू होने में अभी दो से तीन दिन का समय और लग सकता है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार शुरुआती दौर में नहरी पानी के साथ काफी गंदगी और मिट्टी भी आ रही है। इसी कारण विभाग ने अभी पंपिंग स्टेशनों से पानी उठाकर टैंकों में डालना शुरू नहीं किया है।
सिंचाई विभाग के अनुसार सुंदर नहर में 700 क्यूसेक की डिमांड के मुकाबले 616 क्यूसेक, मिताथल में 200 क्यूसेक के मुकाबले 254 क्यूसेक और जूई फीडर में 597 क्यूसेक के मुकाबले 650 क्यूसेक पानी पहुंचा है। मिताथल और जूई फीडर में पहले ही दिन डिमांड से अधिक पानी पहुंचने से स्थिति बेहतर बनी हुई है।
नहरों में पानी पहुंच गया है लेकिन जलघर टैंकों को रविवार से आपूर्ति मिलना शुरू हो जाएगी। शहरी दायरे में दो से तीन दिन में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से नियमित कर दी जाएगी। जलापूर्ति संबंधी अब कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। -ताजदीन, कनिष्ठ अभियंता, शहरी पेयजल शाखा, भिवानी।