संडे का दिन शहर की दर्जनभर से ज्यादा कॉलोनियों के लोगों के लिए टेंशन डे बन गया। टेंशन का मुख्य कारण था पानी की सप्लाई नहीं आना। जलघर के टैंक पानी से लबालब मगर शहर वासी बूंद-बूंद को तरसते रहे।
जब लोगों ने पानी सप्लाई के लिए फोन घुमाए तो पता चला कि बिजली कट के कारण पेयजल सप्लाई ठप है। बिजली कटों के कारण तीन से छह घंटे तक देरी से सप्लाई हुई। इतनी गर्मी में पानी की सप्लाई नहीं आने से लोग खासे परेशान दिखे।
महम रोड स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के फिडर नंबर एक व दादरी रोड से ही शहर की 90 प्रतिशत कॉलोनियों में सप्लाई की जाती है। दोनों ही फिडर बिजली कट के कारण रविवार को तीन से साढे़ छह घंटे तक बंद रहे और दर्जनभर से अधिक कॉलोनियों के लोग पानी का इंतजार करते रहे।
सुबह का इंतजार, सायं को आई सप्लाई
दादरी रोड फीडर की लाइट सुबह 8:40 पर गुल हो गई। लाइट गुल होते ही फीडर की सभी मोटरें बंद हो गई और पानी की सप्लाई भी थम गई।
हनुमान ढाणी, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी आदि अनेक कॉलोनियों में पानी की सप्लाई नहीं हुई। लाइट का इंतजार बढ़ता गया और कॉलोनी के लोग पेयजल सप्लाई का इंतजार करते रहे।
लोगों ने स्वयं ही आसपास के विभिन्न हैडपंपों से पानी ढोना शुरू कर दिया। लाइट दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे हुई। जिसके बाद इन कॉलोनियों व फीडर से संबंधित बूस्टरों में पानी की सप्लाई की गई। पानी की सप्लाई होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। करीब साढे़ छह घंटे के बिजली कट ने लोगाें को पानी का खूब इंतजार कराया।
तीन घंटे करना पड़ा पानी का इंतजार
महम रोड स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के फिडर नंबर एक से हर रोज सुबह पांच बजे ही पेयजल सप्लाई का काम शुरू हो जाता है। रविवार को सुबह करीब साढे़ छह बजे अचानक लाइट चली गई। लाइट जाते ही बिजली सप्लाई भी थम गई। लाइट करीब दो घंटे बाद साढे़ आठ बजे आई। सप्लाई फिर से शुरू की गई तो 10 बजे फिर से बिजली कट लग गया। इस बार बिजली करीब 11 बजे बहाल हुई।
इस कारण लोगों को पानी का इंतजार करना पड़ा। इस फीडर से सरकुलर रोड, महम रोड की कॉलोनियों, विकास नगर, जेल, डीसी काूलोनी, इंद्रा कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, पुराना हाउसिंग बोर्ड, जगत कॉलोनी आदि में पानी की सप्लाई होती है। अधिकतर कॉलोनियों में लोगों को पानी का इंतजार करना पड़ा। इस फीडर से हॉस्पिटल बूस्टर, बीटीएम बूस्टर, लेबर कॉलोनी, हनुमान गेट बूस्टर, लोहड़ बाजार, हालु बाजार, कोंट रोड, हनुमान गेट, हनुमान ढाणी, एमसी कॉलोनी आदि क्षेत्रों में पानी की सप्लाई होती है।
कहीं खंभा टूटा तो कही लाइन में फाल्ट
महम रोड पर ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मारकर खंभा गिरा दिया। जिस कारण महम रोड फीडर व आसपास की कॉलोनियों की बिजली गुल हुई। इसकी मरम्मत में दो से तीन घंटे लग गए। इसके अलावा रूटिन कट लगे, जिस कारण समस्या बनी। बापोड़ा 220 पॉवर हाउस में फाल्ट आने के कारण दादरी रोड की बत्ती गुल हो गई। बिजली ंभा-खंभा फाल्ट ढूंढते रहे। करीब साढे़ छह घंटे की मशक्कत के बाद ही फाल्ट ठीक हो पाया।
फाल्ट आने के कारण दर्जनभर कॉलोनियों की बत्ती गुल रही। दादरी रोड फिडर के लिए जाने वाली 11 हजार वाल्ट की लाइन के तार विश्वकर्मा मंदिर के पास टूट गए। दादरी रोड स्थित जनस्वास्थ्य विभाग का फिडर बिजली फाल्ट व तार टूटने से प्रभावित रहा। यहां सुबह करीब साढे़ आठ बजे के बाद दोपहर बाद सवा तीन बजे ही बिजली बहाल हुई और पानी की सप्लाई शुरू की गई।