रेलवे स्टेशन पर बंद पड़ी वाटर एटीएम मशीन।
भिवानी। भिवानी रेलवे जंक्शन से हर रोज दर्जनों ट्रेनों का अवागमन होता है। वहीं सैकड़ों यात्री यहां से सफर करते हैं। लेकिन रेल यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर खराब पड़ी वाटर एटीएम की वजह से प्यास बुझाने के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ता है। प्लेटफार्म पर सामान्य पानी की प्याऊ भी है, मगर इनमें पानी का स्वाद बेहद खराब है, जिसे पीने में भी यात्रियों को काफी दिक्कत होती है।
भिवानी के प्लेटफार्म दो और तीन पर दो वाटर एटीएम लगी हैं। जो लंबे अर्से से खराब पड़ी हैं। इन मशीनों पांच रुपये में एक लीटर आरओ का पानी मिलता है, जबकि स्ट्रीट वैंडर वहां पर 20 रुपये में एक लीटर पानी की बोतल बेच रहे हैं। एटीएम वाटर एटीएम खराब होने से रेल यात्रियों को भी आरओ का पानी पीने के लिए तीन गुना अधिक पैसे खर्च करने पड़ते हैं। वहीं यहां प्याऊ भी बनी हैं, मगर इनके अंदर पानी बेहद खराब है, जिसे पीने में स्वाद भी जीभ को नहीं भा रहा है। हालांकि रेल यात्रियों की तरफ से रेल प्रशासन के अधिकारियों को इस संबंध में काफी बार शिकायतें की जा चुकी हैं, मगर इसके बावजूद भी ये मशीन खामोश हैं।
दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ के जिला अध्यक्ष महावीर डालमिया ने कहा कि स्टेशन पर रेल यात्रियों के लिए पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के संबंध में बीकानेर रेल मंडी और स्थानीय रेल अधिकारियों को शिकायत भेजी है। इस संबंध में सांसद को भी मांगपत्र सौंपा जाएगा।