भिवानी के खेतों में ओलावृष्टि से फसलों में हुए नुकसान का निरीक्षण करते रोहतक मंडल के आयुक्त सं
भिवानी। रोहतक मंडल के आयुक्त संजीव वर्मा ने रविवार को गांव मानहेरू, गौरीपुर और कितलाना के खेतों में जाकर ओलावृष्टि से सरसों व गेहूं की फसलों में हुए नुकसान का मौका निरीक्षण कर जायजा लिया। इस मौके पर किसानों ने आयुक्त को बताया कि गेहूं के बजाय सरसों की फसल में ओलावृष्टि से ज्यादा नुकसान हुआ है। आयुक्त ने किसानों से कहा कि किसी प्रकार की चिंता न करें। सभी किसानों के खेतों में जाकर पटवारियों ने सही गिरदावरी की है और किसानों को सरसों और गेहूं फसल में हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने संबंधित गांवों के राजस्व विभाग के अधिकारियों व पटवारियों को निर्देश दिए कि किसानों का नुकसान क्षति पूर्ति पोर्टल पर दर्ज कर नुकसान का सही सत्यापन करें, ताकि किसान को समय पर मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने पटवारियों को निर्देश दिए कि टैब पर दर्शाई जा रही जानकारी को भी बारीकी से जांचें। सही आकलन करके फसल का सत्यापन करें। इस दौरान आयुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पटवारी प्रत्येक एकड़ में जाकर फसल के खराबे की जांच करें और किसानों को किसी भी तरह से नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खराबे का आकलन महत्वपूर्ण कार्य है, इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।