भिवानी। आंबेडकर युवा क्लब के प्रधान पवन मेहरा के नेतृत्व में पेयजल समस्या झेल रहे ढाणी माहू के ग्रामीणों ने रोष जताया। समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को जनस्वास्थ्य विभाग के एसई, उपायुक्त नरेश नरवाल व भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौ. धर्मबीर सिंह को मांगपत्र सौंपकर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करवाए जाने की गुहार लगाई है।
पवन मेहरा ने बताया कि गांव ढाणी माहू के वार्ड नंबर-11 में पेयजल सप्लाई की तीन इंच लाइन है, जो हाईस्कूल से लेकर सीताराम शर्मा के घर तक है। ये लाइन खराब हो चुकी है। इसके कारण उनके घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता और उन्हें पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर उन्होंने वर्ष 2018 में भी एसई को अवगत करवाया था, उसके बाद वर्ष 2023 में एक बार फिर अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। मांगपत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि उनके वार्ड में पानी की लाइन तीन इंच के बजाए छह इंच की लगाई जाए, ताकि उन्हें पानी की परेशानी से छुटकारा मिल सकें।
ग्रामीणों ने कहा कि करीब आठ सालों से पेयजल की समस्या के समाधान की मांग को लेकर अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। इस अवसर पर आशीष, दिनेश रोहित, सीतारा, अमर सिंह, सुरेंद्र, संदीप, कुनाल, रमेश, अनिता, मुुन्नी, वजीर सिंह, कमलेश, सुधीर, सोनू, अनिता, कविता, सुनील कुमार, आकाश मौजूद रहे। संवाद