बवानीखेड़ा। क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर के ग्रामीणों ने एक जेबीटी अध्यापक को ड्यूटी के समय शराब पीकर आने का आरोप लगाया। इसके चलते ग्रामीणों ने बुधवार सुबह राजकीय प्राथमिक पाठशाला के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। वहीं दूसरी ओर ग्रामीण विद्यालय के मुख्य शिक्षक द्वारा आरोपी अध्यापक का पक्ष लेने व स्वयं सप्ताह में दो-तीन दिन न आने के चलते नाराज थे।
सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप चाहर ने ग्रामीणों को दोनों शिक्षकों का तबादला करवाने का आश्वासन देकर ताला खुलवाया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संतोष नागर ने विद्यालय में पहुंचकर निरीक्षण करने की कमी पाए जाने पर कार्रवाई के संकेत दिए।
ग्रामीण मानसिंह, अनिल, विकास, सम्मत, लाली, ममता, जैला, बबीता, संदीप सामोता, विजय समोता, सुभाष पंच, पतराम पहलवान, अनिल रंगा ने बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला में एक जेबीटी अध्यापक पाठशाला में अपनी ड्यूटी के समय में शराब का सेवन करके आता है और अनेक बार पाठशाला के हाजिरी रजिस्टर में हाजिरी लगाकर चला जाता है। उन्होंने इसकी शिकायत राजकीय उच्च विद्यालय के मुख्य शिक्षक से की लेकिन उनके द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न करके जेबीटी शिक्षक का बचाव किया जाता है।
ग्रामीणों ने राजकीय उच्च विद्यालय के मुख्य शिक्षक पर भी आरोप लगाते हुए बताया कि वे स्वयं सप्ताह में 2-3 दिन गायब रहते हैं और ग्रामीणों व अभिभावकों को वीआरएस लेने पर धमकी देते हैं। उनके स्वयं की गलती उजागर न हो इसलिए वे जेबीटी शिक्षक की कमी को छिपाने का कार्य करते हैं।
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि दोनों शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों ने पहले भी कई बार पंचायत की और फिर बुधवार पंचायत की गई। इसमें अभिभावकों ने स्कूल को ताला जड़ दिया व दोनों शिक्षकों के तबादला करने व शिक्षकों को नियमानुसार विद्यालय से 8 किलोमीटर के दायरे में रहने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि जेबीटी अध्यापक के नशा करने के कारण बच्चों के भविष्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। ग्रामीणों ने दोनों शिक्षकों की शिकायत, बीईओ, डीईओ,डीईईओ, मुख्यमंत्री से की व मांग पूरी न होने पर कड़ा रूख अपनाने के संकेत दिए। दूसरी ओर गांव के सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप चाहर ने बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों को आश्वासन देकर मुख्य गेट पर लगा ताला खुलवाया।
इस बारे में मुख्य मुख्य शिक्षक सोमबीर धनखड़ ने बताया कि वे आज छुट्टी पर है और जेबीटी शिक्षक राजेश कुमार विद्यालय में शराब का सेवन नहीं करता। विभाग ने जेबीटी शिक्षक को बीएलओ का कार्यभार सौंपा हुआ है। इस बारे में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संतोष नागर ने बताया कि विद्यालय को ताला जड़ने की सूचना प्राप्त हुई है। वे विद्यालयों का निरीक्षण करेंगी और कमी पाए जाने पर कार्रवाई करेंगी।