भिवानी के गांव बलियाली के मुख्य बस स्टैंड पर जमा गंदा पानी ।
बवानीखेड़ा। आदर्श गांव बलियाली के मुख्य बस अड्डे पर गंदा पानी जमा होने व रास्ता अवरुद्ध होने से ग्रामीणों में रोष है। इसके चलते ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की व पानी निकासी की मांग की। वहीं पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के कनिष्ठ अभियंता ने इसके जल्द ही सड़क निर्माण की बात कही ताकि पानी की निकासी हो सके।
ग्रामीण अशोक, सीताराम, जीता, नरेश, पवन, सुरेश कुमार, संजू, ईश्वर, राम, भोला, रिंकू, विनोद ने बताया कि आदर्श गांव बलियाली में मुख्य बस स्टैंड पर आने-जाने वालों को सड़क पर जमा गंदे पानी में से होकर गुजरना पड़ता है। भाजपा सरकार विकास के दावे करती है लेकिन उनके आदर्श गांव में कितना विकास हुआ है ये उनसे बेहतर कोई नहीं जानता।
लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर जमा गंदा पानी व किचड़ से गिरकर कई बार लोग घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने विभाग व सरकार से इस सड़क के निर्माण की मांग की ताकि गंदे पानी की निकासी हो सके। इस बारे में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के कनिष्ठ अभियंता असलम खान ने बताया कि इस मार्ग में जमा गंदा पानी की निकासी जल्द ही करवा दी जाएगी ताकि किसी भी ग्रामीण को परेशानी ना हो। उन्होंने बताया कि इस सड़क का एस्टीमेट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है ताकि सड़क का निर्माण किया जा सके। उन्होंने बताया कि आचार संहिता से पहले इस सड़क को बनाने की पूरी योजना है। संवाद