भिवानी। बिजली-पानी की समस्या को लेकर बुधवार को गांव बामला की महिलाओं के साथ ग्रामीणों ने दिल्ली पिलानी नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। गांव बामला के बस स्टैंड के समीप नेशनल हाईवे पर वाहन जाम में फंस गए। जाम की सूचना मिलते ही खरक पुलिस चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में बिजली निगम अधिकारी मौके पर आए और आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुला।
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर गांव बामला में बस स्टैंड के समीप ग्रामीण महिलाओं ने बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जाम लगा दिया। महिलाओं ने जिला प्रशासन व संबंधित विभाग अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप था कि गांव में बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल भी गड़बड़ा गया है। गांव में बिजली नहीं आने की वजह से आटा चक्की, पशु चारा कटाई मशीन भी बंद पड़ी हैं। इस वजह से ग्रामीणों व पशुओं के लिए चारे का संकट भी बन रहा है। महिलाओं ने बताया कि बिजली की कटौती की वजह से जरूरी घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इस मामले में ग्रामीणों ने कई बार जिला प्रशासन के समक्ष भी मांग उठाई है। महिलाओं ने बताया कि पहले भी पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण सड़क पर जाम लगा चुके हैं। मगर कुछ दिन स्थिति ठीक रहने के बाद फिर वही हालात बन गए हैं। मौके पर पहुंचे खरक पुलिस चौकी इंचार्ज देवेंद्र ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, मगर ग्रामीण बिजली निगम व पेयजल आपूर्ति अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात को लेकर अड़े रहे। इसके बाद निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने गांव में नियमित बिजली आपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद महिलाओं ने जाम खोला।
दूसरी बार लगा नेशनल हाईवे सड़क पर जाम
गांव बामला में पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने एक माह के अंदर दूसरी बार जाम लगाया है। महिलाओं ने जून में भी दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर ठीक इसी जगह जाम लगा दिया था। ग्रामीणों ने उस समय भी बिजली कट की वजह से उनकी बस्ती में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने के आरोप लगाए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कराई थी। जिसके बाद ग्रामीण नहीं माने तो पेयजल आपूर्ति के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। उस समय भी समस्या का जल्द समाधान का भरोसा दिलाया था। कुछ दिन हालात ठीक भी रहे।