भिवानी। गांव प्रेमनगर के खेतों में बनी ढाणियों व ट्यूबवेल कनेक्शनों पर तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। गांव प्रेमनगर के ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजली निगम व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली निगम व प्रशासन को सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद समस्या समाधान नहीं होने पर रोड जाम की चेतावनी दी। करीब डेढ़ माह पहले ही गांव प्रेमनगर व ढाणियों की बिजली लाइनें अलग-अलग की गई थी। जिसके बाद बिजली संकट गहरा गया है।
बिजली निगम व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन कर रहे प्रवीन बूरा, अशोक कुमार, नरेश, अंकित, सतीश, नेत्रपाल, सुरेंद्र, बाला ने बताया कि गांव में रोजाना 18 घंटे बिजली का शेड्यूल निर्धारित किया हुआ है। करीब डेढ़ माह पहले गांव की बिजली लाइन को अलग करते हुए ढाणियों की लाइन को अलग कर दिया। जिसके बाद आठ घंटे बिजली का शेड्यूल निर्धारित किया गया। मगर लगातार तीन दिनों से ढाणियों में जा रही लाइन में एक बार भी बिजली नहीं आई। ग्रामीणों ने बताया कि ढाणियों के लिए अलग की गई लाइन से ही तिगड़ाना व मंढाणा की ढाणियों में बिजली आपूर्ति हो रही है। मगर प्रेमनगर की ढाणियों में तीन दिन से बिजली गुल है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बिजली नहीं आने की वजह से किसानों के ट्यूबवेल भी बंद पड़े हैं, जिससे उनकी फसल भी बिना पानी के गर्मी मेे सूख रही है। वहीं, पेयजल संकट भी गहरा गया है। गर्मी से भी लोग बेहाल हो रहे हैं। रोष प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि सोमवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल इस मामले को लेकर निगम के कार्यकारी अभियंता व एसडीओ से मिलेगा और समस्या समाधान की मांग उठाएगा। ग्रामीणों ने बैठक में यह भी एलान किया कि अगर सोमवार तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसके बाद ग्रामीण भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर गांव प्रेमनगर में सड़क पर जाम लगाने पर मजबूर होंगे।
अब स्थिति सामान्य
गांव प्रेमनगर के एपी फीडरों की लाइन अलग की गई है। पावर सब स्टेशन में पिछले दो दिन से तकनीकी दिक्कत आ रही थी। इस वजह से बिजली आपूर्ति थोड़ी प्रभावित हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है।
-निसित कुमार, एसडीओ अर्ध शहरी सब डिविजन भिवानी।