बैठक में मौजूद कमेटी सदस्य। आयोजक
भिवानी। लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए पर्यावरण प्रहरी वेलफेयर सोसाइटी नजर रखेगी। कमेटी में 11 सदस्यों को शामिल किया है। कमेटी के सदस्य रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में आने वाली तकनीकी अड़चनों को दूर करवाने के लिए अफसरों व ठेकेदार से भी तालमेल बनाएगी। जहां पर कोई पेच अटकेगा उसी जगह पहुंचकर कमेटी के सदस्य अधिकारियों की मदद से अड़चन दूर करवाने का प्रयास करेंगे।
इसके अलावा पुल निर्माण की हर अपडेट जानकारी भी कमेटी समय समय पर लेती रहेगी क्योंकि कई बार बेवजह कोई अड़चन लगने से कई दिनों तक कार्य अटक जाता है। उस अड़चन की वजह से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके चलते शहर के लोगों ने इस कमेटी का गठन करने का फैसला लिया है। साथ ही नवगठित कमेटी रेलवे ओवरब्रिज के साथ हालुवास गेट इलाके में सर्विस रोड बनाए जाने की भी मांग करेगी ताकि ऑटो व अन्य छोटे वाहनों को आराम से निकाला जा सके।
ये किए कमेटी में शामिल
नवगठित कमेटी में राजेंद्र जांगड़ा, नई अनाजमंडी प्रधान नरेश कुमार उर्फ भुरु, जोगीराम मेहरा, ठाकुर रणधीर सिंह, सुंदर सिंह, नगरपरिषद पार्षद संदीप यादव, नगर पार्षद सुभाष तंवर, पूर्व नगर पार्षद इंद्र सैनी, राजकुमार, राजेश श्योराण्, महेश शर्मा को शामिल किया गया है। ये सभी कमेटी में शामिल सदस्य पुल के निर्माण को लेकर मंत्री से लेकर अधिकारी तक सम्पर्क सांधेंगे और निर्माण कार्य में तेजी लाने का प्रयास करेंगे।