भिवानी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी सर्कल के स्टोर में वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) पहुंचे है। इसके बाद निगम नए फीडरों के संचालन की तैयारियों में जुटा है। दरअसल, पुराने इलेवन केवी फीडरों पर वीसीबी खराब हैं, उन्हें भी अब बदला जा सकेगा। निगम के स्टोर में चार ट्रकों के अंदर करीब 18 वीसीबी पहुंचे हैं।
दरअसल, निगम के 33 केवी पावर सब स्टेशनों से संचालित होने वाले इलेवन केवी फीडर पर वैक्यूम सर्किट ब्रेकर लगाया जाता है। इस सर्किट के बिना किसी भी फीडर का संचालन नहीं हो सकता है। वीसीबी एक ऐसा उपकरण है जो लाइन की बिजली को नियंत्रित करता है और उसका सही प्रवाह इलेवन केवी की लाइनों तक पहुंचाता है। ये सर्किट फीडर संचालन के लिए पावर सब स्टेशनों के अंदर लगाया जाता है।
कई शहरी फीडर ऐसे हैं, जिन पर अत्यधिक बिजली लोड है और इनकी लाइन भी काफी पुरानी हैं, ऐसी लाइनों पर निगम अधिकारी वीसीबी बदल देते हैं। इसके बाद इन लाइनों के अंदर बिजली के फाल्ट भी बहुत कम होते हैं। वहीं शहरी दायरे में कई पुराने फीडरों से से कुछ नए अलग फीडर भी बनाए जा रहे हैं, जिनके लिए भी इस उपकरण की आवश्यकता होगी।
निगम के स्टोर में 18 वैक्यूम सर्किट ब्रेकर पहुंचे हैं। इनका इस्तेमाल इलेवन केवी फीडरों के सुचारु संचालन के लिए किया जाएगा। जिन इलेवन केवी फीडरों पर पुराने सर्किट हो चुके हैं, उन्हें बदलकर इनका इस्तेमाल किया जा सकेगा।
-सुनील दत्त, कनिष्ठ अभियंता, इंचार्ज निगम स्टोर भिवानी सर्कल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।