फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: चुनावों में नहीं होने दिया जाएगा अनुचित संसाधनों का प्रयोग

Tue, 24 Sep 2024 11:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर कौशिक ने कहा कि चुनाव के दौरान जिले में किसी भी कीमत पर अनुचित संसाधनों का प्रयोग नहीं होने दिया जाएगा। हुडा पार्क में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता अभियान के तहत नगर परिषद की कचरा उठाने वाली गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने के बाद उपायुक्त मीडिया से मुखातिब थे।
विज्ञापन

उपायुक्त कौशिक ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव करवाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अनुचित संसाधनों के इस्तेमाल पर नजर रख रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उड़नदस्ते मुस्तैदी से अपना काम कर रहे हैं। स्थायी नाके लगाए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर ऑफिसर अपने क्षेत्राधिकार में पूरी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते सोमवार तक पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने शराब, कैश अन्य वस्तुएं जांच के दौरान अपने कब्जे में लीं। इनकी कुल कीमत अनुमानित साढ़े तीन करोड़ रुपये है।



आचार संहिता का करना होगा पालन

डीसी महावीर कौशिक ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए चुनाव आयोग ने कुछ नियम बनाए हैं। इन नियमों को ही आचार संहिता कहा जाता है। चुनाव के दौरान इन नियमों का पालन करना सरकार व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के चलते सार्वजनिक धन का इस्तेमाल किसी विशेष राजनीतिक दल या नेता को लाभ पहुंचाने के लिए नहीं किया जा सकता है। किसी भी चुनावी रैली में धर्म या जाति के नाम पर वोट नहीं मांगे जा सकते।
विज्ञापन




नियंत्रण कक्ष से मतदान केंद्रों पर रहेगी नजर

मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब में उपायुक्त कौशिक ने कहा कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप जिला में मतदान करने की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन ने की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र की वेबकास्टिंग की जाएगी। जिलास्तर पर बनाए गए नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी मतदान केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। दिव्यांगों को किसी भी तरह की ऐसी असुविधा न हो, इसके लिए व्हीलचेयर और तिपहिया वाहन की व्यवस्था करवाई गई है।

मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए सरकारी विभागों और गैर सरकारी संगठनों की गतिविधियां लगातार जारी हैं। इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य मत प्रतिशत को बढ़ाना है ताकि लोकतांत्रिक प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। नगर परिषद की कचरा उठाने वाली इन गाड़ियों में ध्वनि विस्तारक के माध्यम से घर-घर तक मतदान करने का संदेश पहुंचाया जाएगा। जिलावासियों का आह्वान है कि वह पांच अक्तूबर को अपने मतदान केंद्रों पर जाकर लोकतंत्र के इस पवित्र हवन में अपनी आहुति अवश्य डालें। -महावीर कौशिक, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त, भिवानी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें