भिवानी। संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय ट्रेड यूनियन ने बजट को किसान विरोधी बताते हुए कोर्ट रोड इसकी प्रतियां जलाईं और कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा व रोजगार पर बजट बढ़ाने की मांग की। दोनों संगठनों के पदाधिकारी ठाकुर बीर सिंह पार्क में इकट्ठे हुए और एक सभा की। सभा की अध्यक्षता किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, सीटू के जिला प्रधान राममेहर सिंह ने संयुक्त रूप से की।
संयुक्त मोर्चा सदस्य कामरेड ओमप्रकाश व कमल सिंह प्रधान ने कहा कि केंद्रीय बजट 2025-26 में कर्मचारियों को अगले वेतन आयोग से पहले कुछ राहत दी गई परंतु कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा व रोजगार में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि किसान मजदूर मिलकर जन जागरण अभियान चलाएंगे तथा इसके लिए केंद्र सरकार को जन हित के लिए बजट लाने पर बाध्य करेंगे। उसके बाद पार्क से प्रदर्शन करते हुए कोर्ट रोड पर बजट की प्रतियां जलाईं। कार्यक्रम में मजदूर नेता कामरेड अनिल कुमार, सुखदेव पालवास, भीमसिंह, रोहताश गोठवाल, इंजीनियर अनुराग, किसान नेता प्रताप सिंह सिंहमार, नरेंद्र धनाना, बलबीर सिंह बजाड़, महाबीर फौजी शामिल थे।