भिवानी। शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी में कच्छा चोर गिरोह द्वारा चोरी की घटना से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। यह घटना 13 मई की बताई जा रही है जिसमें कॉलोनी के दो घरों में चोरी की वारदात हुई। घटना के बाद पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें गलियों में छह संदिग्ध व्यक्ति घूमते हुए दिखाई दिए जो सभी कच्छे पहने हुए थे। इस फुटेज के सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है।
शहर थाना एसएचओ जरनैल सिंह ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकानों में चोरी की वारदात गिरोह द्वारा ही की गई है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के मध्य प्रदेश के बावरिया गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि इस तरह के गिरोह रात के समय कच्छे पहनकर वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की आधा दर्जन टीमें गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी हुई हैं। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि यदि इस तरह का कोई संदिग्ध गिरोह दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।