टाटा 407 व बाइक की टक्कर में नमाज अदा करने जा रहे दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पीजीआई रोहतक में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
हादसा सोमवार सुबह करीब पौने नौ बजे का है। ढिगावा से तीन युवक गुलफाम, वजीर अहमद बाजीद व शहनबाज बाइक से नमाज अदा करने लोहारू मस्जिद जा रहे थे। जब वे गिगनाऊ बस स्टैंड के पास पहुंचे तो आगे चल रही टाटा 407से उनकी बाइक टकरा गई। तीनों को गंभीर चोट आई।
आसपास के लोग तुरंत उन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल के लिए रवाना हुए। भिवानी ले जाते समय घायल गुलफाम ने दम तोड़ दिया। सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। रोहतक ले जाते समय रास्ते में बाजीद ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे घायल का पीजीआई रोहतक में उपचार चल रहा है।
परिजन मोहम्मद इकबाल ने बताया कि तीनों युवक मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गांव खताई के रहने वाले थे। ढिगावा मंडी में रंग-पेंट का काम करते थे। तीनाें की उम्र करीब 20 वर्ष है। मृतक बाजिद व घायल शहनबाज शादीशुदा है। मामले में एसएचओ जय सिंह व एएसआई मदनलाल ने बताया कि तीनों युवक बाइक से नमाज अदा करने लोहारू जा रहे थे। गिगनाऊ बस स्टैंड पर टाटा 407 रूकी।
पीछे चल रही बाइक की स्पीड अधिक होने के कारण नियंत्रण नहीं हुआ और बाइक टाटा 407 में टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों गुलफाम व वजीर अहमद की मौत हो गई है। जबकि एक घायल हो गया। हादसे में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
फिर पोस्टमार्टम के लिए घंटों इंतजार
सामान्य अस्पताल में लगातार दूसरे दिन पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मृतकों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार रात डीसी कॉलोनी में कार व साइकिल के हादसे में मृतक बालकराम के परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए चार घंटे इंतजार करना पड़ा था। जाम की धमकी दी तो शव का पोस्टमार्टम हुआ।
गिगनाऊ बस स्टैंड के नजदीक हुए सड़क हादसे में मृतक गुलफाम के पोस्टमार्टम के लिए भी परिजनों को खासा इंतजार करना पड़ा। सायं करीब साढे़ पांच बजे तक भी कोई चिकित्सक पोस्टमार्टम के लिए नहीं पहुंचा था। अब शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह होगा।