मृतक मामले में कार्रवाई करते पुलिस अधिकारी।
भिवानी। गांव गोलागढ़ के समीप बुधवार रात करीब ढाई बजे पैदल दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पार कर रहे दो युवकों को तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे रोहतक पीजीआई रेफर किया है। जूई कलां पुलिस ने मृतक के शव का वीरवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं इस संबंध में गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।
जूई कलां पुलिस को दिए बयान में ब्रजवासी कॉलोनी निवासी पवन ने बताया कि उसकी चिकन शॉप है। बुधवार देर रात करीब ढाई बजे वह गांव चांग निवासी संडारू उर्फ सोनू व ब्रजवासी कॉलोनी के रवि के साथ सोनू की बहन के पास ढाब-ढाणी जा रहे थे। रास्ते में गोलागढ़ के पास पहुंचे तो दो युवकों की बाइक का तेल खत्म हो गया था। पवन ने बताया कि वह बाइक चला रहा था। वह गोलागढ़ के पास बाइक रोककर उन दोनों युवकों से बातचीत करने लगा। इसी दौरान बाइक से उतरकर सोनू और रवि हाईवे पार कर पेशाब करने जा रहे थे। इसी दौरान जूई की तरफ से एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर से सोनू की मौके पर मौत हो गई जबकि एंबुलेंस से गंभीर घायल रवि को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जूई कलां पुलिस थाना के जांच अधिकारी एसआई वजीर सिंह ने बताया कि पवन के बयान दर्ज कर मृतक रवि के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।