भिवानी। शहर व गांव में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पहले भिवानी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसके बाद एक युवक को रेफर कर दिया गया। सदर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला देव नगर निवासी सचिन से जुड़ा है, जो 28 जुलाई को दोपहर साढ़े 12 बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने दोस्त से मिलने जा रहा था। जब वह टीआईटी पुल के पास पहुंचा तो एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे पहले भिवानी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया लेकिन परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में ले गए। होश में आने के बाद सचिन ने पुलिस को शिकायत दी, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया।
दूसरी घटना 29 जुलाई को दोपहर 12 बजे गांव बांडाहेड़ी निवासी 19 वर्षीय युवक ललित के साथ हुई, जो अपनी मां सुदेश और भाभी मलिका को इलेक्ट्रिक स्कूटी पर गांव मुंढाल खुर्द के बस स्टैंड तक छोड़ने गया था। मां और भाभी को बस में बैठाने के बाद जब वह वापस लौट रहा था तो भिवानी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग टैंपू ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से ललित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ललित की शिकायत पर पुलिस ने लोडिंग टैंपू चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर एक्सीडेंट करने का मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।