भिवानी। जहरीला पदार्थ निगलने से दो लोगों की हालत गंभीर हो गई। मामले की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद युवती की हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी।
पहला मामला बुधवार रात करीब नौ बजे का है। रोहतक जिले के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि बुधवार रात को उसकी 23 वर्षीय बहन ने गलती से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिसके कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे निजी वाहन में उपचार के लिए आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद युवती की हालत में सुधार न होने पर ड्यूटी चिकित्सक ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परिजनों ने गंभीर हालत में महम गेट स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां युवती उपचाराधीन है। महम पुलिस थाना मामले की जांच में जुटी है।
वहीं दूसरा मामला सब्जी मंडी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जिसमें विद्यानगर कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय महिला ने बुधवार दोपहर बाद अज्ञात कारणों से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। मामले की सूचना मिलने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सक ने मामले की सूचना सब्जी मंडी पुलिस चौकी को दी। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।