भिवानी। जिले में दो लोगों की माैत हो गई। गांव देवसर में एक विवाहिता का शव घर के अंदर लटका मिला।
गांव देवसर निवासी अमन ने फैक्टरी में काम करता है। करीब छह माह पहले उसकी शादी 20 वर्षीय कंचन से हुई थी। शनिवार को वह घर वह बाहर था। जूईकलां पुलिस थाना में दिए बयान में अमन ने बताया कि इसी दौरान उसकी पत्नी ने घर में फंदा लगा लिया। इस सूचना के आधार पर जूईकलां पुलिस थाने की जांच अधिकारी एएसआई माया देवी ने शव को कब्जे में ले लिया। रविवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की जांच अधिकारी माया ने बताया कि मृतका के पति अमन के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत मामले में कार्रवाई की गई है।
मंडी टाउनशिप में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
बवानीखेड़ा। कस्बा स्थित भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर मंडी टाउनशिप में बनी हरित पट्टी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
कस्बावासियों ने रविवार सुबह हरित पट्टी में घास और झाड़ियों में एक व्यक्ति पड़ा देखा। शक होने पर उसके पास जाकर देखा तो उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस में दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार दल, बल सहित मौके पर पहुंचे और पड़े व्यक्ति की जांच की।
उन्होंने मौके पर ही एसएफएल टीम को जांच के लिए बुलाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं दिखाई दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पता चलने पर अगली जांच की जाएगी।