भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में स्थित शिशु वार्ड।
भिवानी। बारिश के बाद मौसम में जबरदस्त उमस बनी है ऐसे में मच्छर का लारवा भी तेजी से पनप रहा है। इसके बावजूद शहरी और ग्रामीण दायरे में फॉगिंग का काम भी धीमा चल रहा है। इसी कारण जिले में डेंगू के 15 मामले सामने आ चुके हैं। जिले में मंगलवार को डेंगू के दो नए रोगी मिले। हालांकि पिछले साल डेंगू के 278 मामले आए थे।
जिले में पिछले साल डेंगू के मच्छर ने जबरदस्त हमला बोला था। इस साल भी अच्छी बारिश हुई है और कई जगह ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी जलभराव है। ऐसे में ये मौसम मच्छर के पनपने के लिए बिलकुल अनुकूल बना है। मच्छर का डंक भी तेजी से लोगों की सेहत पर धावा बोल रहा है।
इसी कारण सितंबर में 15 डेंगू मरीज चुके हैं। मंगलवार को दो नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी संभावित इलाके में एंटी लारवा गतिविधि चलाई। मरीजों के परिजनों के खून के नमूनों की भी जांच कराई। संबंधित क्षेत्रों में फॉगिंग भी कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण और शहरी दायरे में फॉगिंग के लिए सख्त हिदायतें दे चुका है। इसके बावजूद फॉगिंग का काम काफी धीमा है।
स्वास्थ्य विभाग डेंगू संभावित मरीजों का उपचार करा रहा है। जिलेभर में ग्राम पंचायतों और शहरी दायरे में वार्ड पार्षदों से भी अपने इलाके में शाम के समय फाॅगिंग कराने का अनुरोध किया जा रहा है ताकि मच्छर का प्रकोप न बढ़े। हम सबको मच्छर जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता के साथ इसकी रोकथाम के लिए प्रयास करने होंगे। -डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।