बवानीखेड़ा। चोरों ने गांव पुर में खेत पर बने मकान में रखी अलमारी से लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने गांव पुर से धनाना रोड पर अपने खेत पर मकान बनाया है। सोमवार रात वह अपने परिवार सहित मकान में सोए थे। रात के समय करीब एक बजे सुनील की नींद खुली तो उन्होंने देखा तो उनके मकान के एक कमरे का दरवाजा खुला था।
सुनील ने कमरे में जाकर देखा तो कमरे के अंदर रखी अलमारी और संदूक का ताला टूटा था। जब उन्होंने सामान जांचा तो पाया कि चोर अलमारी में रखे जेवरात समेत एक लाख नकद रुपये चोरी कर ले गए। चोरी जेवरात में सोने की एक-एक चेन, मंगलसूत्र, हार, कंठी गलसरी, दो अंगुठियां, दो जोड़ी बाली और आधा किलो चांदी शामिल थी। सुनील की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुटीक की दुकान का ताला तोड़कर नकदी और गणेश मूर्ति चोरी
भिवानी। हांसी गेट पर रामकुंज मार्केट स्थित बुटीक की दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और गणेश मूर्ति चोरी कर ले गए। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने चोर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में शिक्षा बोर्ड परिसर निवासी आशा देवी ने बताया कि रामकुंज मार्केट में आशा बुटीक के नाम से उनकी दुकान है। इस दुकान का ताला तोड़कर चोर 15,000 रुपये की नकदी, चांदी की गणेश मूर्ति और चांदी का एक सिक्का और सिलाई के लिए चार थैलों में रखे सूट चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी अगली सुबह नौ बजे दुकान पर पहुंचने पर लगी। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।