चांग। गांव चांग में पिस्तौल दिखाकर बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात के पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर रविवार को वार्ड नंबर तीन की चौपाल में पंचायत हुई। पंचायत में ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन की मोहलत दी। पंचायत की अध्यक्षता सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप रंगा ने की।
ग्रामीणों ने फैसला लिया कि यदि दो दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बुधवार को पुलिस अधीक्षक भिवानी से मुलाकात की जाएगी। इसके बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मुख्यमंत्री से मिलकर वारदात की वस्तुस्थिति से अवगत कराने का निर्णय लिया गया।
सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप रंगा ने कहा कि दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला के साथ हुई यह वारदात केवल लूट का मामला नहीं है। पिस्तौल दिखाने के दौरान महिला की जान को भी खतरा पैदा हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इसी कारण पंचायत ने दो दिन की मोहलत दी है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से मिलकर महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया जाएगा।
आधार कार्ड देने के बहाने घर में घुसा था बदमाश
पंचायत में मौजूद सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप रंगा, राजेश ढांड़ा, विनय देशवाल, पवन नंबरदार, अनिल ग्रेवाल, रवींद्र परमार, राजेश लांबा, राजेंद्र लांबा, विकेश कुमार और श्यामसुंदर मुंजाल ने बताया कि 19 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे घर पर अकेली रहने वाली आशा देशवाल से आधार कार्ड देने के बहाने एक बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर करीब दो तोले की सोने की चेन लूट ली थी। वारदात के दौरान उसके अन्य साथी घर के बाहर मौजूद थे।
ग्रामीणों ने कहा कि पांच दिन बीतने के बाद भी सदर थाना पुलिस और सीआईए आरोपियों को गिरफ्तार करना तो दूर उनके संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं लगा पाई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह रही है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।