कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। पिछले सप्ताहभर से कोरोना पॉजिटिव केस आने का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहा। वीरवार को दो दुकानदारों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसके बाद कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 6388 तक बढ़ गई है। इनमें 6207 ठीक हो चुके हैं। वीरवार को भी दो कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए। अब जिले में एक्टिव केस 16 हैं।
वीरवार को सामने आए दो पॉजिटिव केसों में दोनों ढिगावा जाटान के दुकानदार हैं। एक की उम्र 25 वर्ष है तो दूसरे की 30 वर्ष। एक की हिस्ट्री दिल्ली की है। 25 वर्षीय युवा दुकानदार सात मार्च को दिल्ली गया था और आठ मार्च को वापस लौटा। दूसरे दुकानदार की कोई हिस्ट्री नहीं है और न ही वह किसी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया है। वहीं एक महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई बताई जा रही है, मगर इसकी पहचान नहीं हो पाई है।
सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने कहा कि कोरोना के केस अब फिर से सामने आ रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि हम सावधानी रखें। कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें और भीड़भाड़ में जाने से बचे।