भिवानी। तोशाम क्षेत्र के गांव ढाणी रिवासा से गांव धारण मार्ग पर बुधवार सुबह दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में अखबार वितरक (हॉकर) गांव बलियाली वासी सुरेश कुमार की मौत हो गई। हादसे की सूचना तोशाम पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के भाई की शिकायत पर दूसरी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव बलियाली वासी सुरेश कुमार रोजाना की तरह बुधवार सुबह घर से अखबार वितरण के लिए निकला था। वह अपनी बाइक पर सुबह नौ बजे ढाणी रिवासा से गांव धारण जा रहा था। इसी दौरान गांव धारण की तरफ से आ रही दूसरी बाइक चालक ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश की गंभीर चोटों की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में कर भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। तोशाम पुलिस थाना एसएचओ जयसिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर दूसरी बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। सड़क हादसे में दूसरे चालक को भी चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।