साइबर क्राइम थाना भिवानी की टीम ने वजन कम करने के नाम पर दवाइयां बेच ठगी करने के दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों ने दवाइयां बेचने के नाम पर 98 हजार रुपये की ठगी की थी। भिवानी निवासी मोहित ने ऑनलाइन एक विज्ञापन देखा था। जिसमें वजन कम करने के बारे में बताया गया था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर बात करने पर आरोपी ने अपना नाम वेदराज आयुर्वेदिक संस्थान से डॉ. विकास बताया गया था। आरोपियों ने अलग-अलग नाम से डॉ. के नाम से फोन करके शिकायतकर्ता से वजन कम करवाने के नाम पर अलग-अलग बार कुल 98 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।
इस शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। साइबर क्राइम के मुख्य सिपाही रफीक ने एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान संजय उर्फ संजीव निवासी अध्यापक नगर नांगलोई दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि अपने साथी ललित व विकेश के साथ मिलकर वर्ष 2017-18 में ठगी करने का काम शुरू किया था। इसके लिए वेदराज आयुर्वेदिक संस्थान के नाम से ऑफिस खोलकर ऑनलाइन ऐड दी जाती थी। जिसमें लोगों से वजन कम करने, वजन बढ़ाने और बालों की समस्या का आयुर्वेदिक दवाई से इलाज करने के नाम पर रुपये ऐठते थे।
आरोपी संजय उर्फ संजीव की निशानदेही पर दूसरे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। दूसरे आरोपी की पहचान ललित वासी सेक्टर चार रोहिणी दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी संजय को जिला कारागार भेजने का आदेश दिए हैं। वहीं आरोपी ललित को पुलिस टीम के द्वारा तीन दिन के रिमांड पर हासिल किया गया है।
जिलावासियों से अपील की है कि ऑनलाइन कोई भी सामान खरीदते वक्त पहले उसकी ऐड व वेबसाइट की पूर्णता जांच कर लें अनधिकृत वेबसाइट से किसी प्रकार का सामान न खरीदें, इससे उन्हें वित्तीय हानि हो सकती है। इस तरह का अपराध होने पर तुरंत पुलिस को शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते अपराधियों को काबू किया जा सके।
-विकास कुमार, प्रबंधक साइबर क्राइम थाना, भिवानी।