तोशाम। गांव खरकड़ी सोहान के पास वीरवार को ऊपर से गुजर रहे ढीले बिजली के तारों में स्पार्किंग से पशुओं के चारे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में चालक शोभाचंद के कपड़े भी आ गए लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
गांव लीलस निवासी सुभाष ट्रैक्टर-ट्रॉली से पशुओं का चारा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान चारे में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक शोभाचंद की कमर की तरफ से कुर्ता भी जल गया।
हादसे के दौरान सुभाष भी मौके पर मौजूद था और वह सुरक्षित बच गया। धधकती आग देखकर आसपास के लोगों ने उसे बुझाने का प्रयास किया। ट्रैक्टर को बचाने के लिए जेसीबी की मदद से उस पर काफी मिट्टी डाली गई।
पानी डालकर भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन तब तक चारा लगभग जल चुका था। चालक शोभाचंद ने बताया कि ऊपर से गुजर रहे ढीले बिजली के तारों में स्पार्किंग होने से चारे में आग लगी। उसने बताया कि हादसे में वह बाल-बाल बच गया और पूरी तरह सुरक्षित है। आग लगने से चारा लगभग जल गया और ट्रॉली के टायर भी क्षतिग्रस्त हो गए। संवाद